जखनिया (गाजीपुर) : जेसीबी के लिए 5 लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की बलि, फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटा पुलिस

जेसीबी के लिए 5 लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की बलि, फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटा पुलिस

जखनिया (गाजीपुर): गाजीपुर जिले के भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अलीपुर मदरा गांव में एक 22 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के भीतर साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।जेसीबी के लिए मांगी थी 5 लाख
मृतका के भाई संदीप कश्यप (निवासी इस्माइलपुर, थाना सैदपुर) ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बहन नंदिनी कश्यप उर्फ शालू की शादी करीब 16 महीने पहले वीरेंद्र कश्यप के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले जेसीबी खरीदने की जिद पर अड़े थे और नंदिनी के मायके वालों से 5 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर नंदिनी को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
तहरीर के आधार पर भुड़कुड़ा पुलिस ने नंदिनी की मौत के मामले में उसके पति वीरेंद्र कश्यप, ससुर कल्पनाथ, सास मनोरमा देवी, जेठानी रक्षा कश्यप और देवर सिकंदर कश्यप के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।घटना की सूचना मिलते ही 112 पीआरवी और भुड़कुड़ा कोतवाल धर्मेंद्र कुमार पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाल धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर शव को कब्जे में ले लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
“मृतका के भाई की तहरीर पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जो मौत के सही कारणों का खुलासा करेगी। इस घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है.


