“छोटे-छोटे प्रयास ही लाएंगे बड़ा बदलाव, पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज को आगे आना होगा”

“छोटे-छोटे प्रयास ही लाएंगे बड़ा बदलाव, पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज को आगे आना होगा”

गोरखपुर । विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि एवं गंगा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में ‘सामाजिक संस्थान संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा समाज की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ तुलसी के पौधे को जल अर्पित कर तथा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पर्यावरण कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
मुख्य वक्ता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के अखिल भारतीय सह पर्यावरण संयोजक राकेश जैन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रति व्यक्ति पेड़ों की घटती संख्या गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पर्यावरणविदों के अनुसार देश की कुल भूमि का कम से कम 30 प्रतिशत हिस्सा हरित क्षेत्र होना चाहिए, लेकिन यह लगातार कम होता जा रहा है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी स्वयं उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय समस्याओं का समाधान हमें स्वयं ही करना होगा और छोटे-छोटे प्रयास आगे चलकर बड़े बदलाव का आधार बनेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि यदि पर्यावरण संरक्षण को व्यवहारिक रूप से सफल बनाना है तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना होगा। उन्होंने प्रत्येक किसान परिवार में कम से कम दो गाय रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे गांव आत्मनिर्भर बनेंगे, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही वरिष्ठ समाजसेविका सुधार मोदी ने कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार प्रकृति भी हमारा पोषण करती है। इसलिए हम सभी का दायित्व है कि पर्यावरण को अपनी मां मानकर उसकी रक्षा और संवर्धन के लिए आगे आएं। उन्होंने उपस्थित लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे अपने जीवन में नियमित रूप से पौधारोपण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती को सुरक्षित और समृद्ध बनाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे अपने कार्यों एवं अनुभवों को साझा किया। साथ ही आम नागरिक पर्यावरण संरक्षण में किस प्रकार योगदान दे सकते हैं, इस पर भी उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए गए। पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का समापन अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन नवनीत ने किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बेचन राम, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के क्षेत्र संयोजक अजय, गंगा समग्र के प्रांत संयोजक राजकिशोर, डा चंद्रभूषण तिवारी सह प्रांत संयोजक,विनोद माथुर, नित्यानंद पाण्डेय, अनिल श्रीवास्तव, डा मृदुला,दुर्गा प्रसाद आसनरायण, अजय उपाध्याय डा पवन पांडे, मुदित अनूप, डॉ. सत्यपाल, देवेश, स्माइल रोटी बैंक के संस्थापक आजाद पाण्डेय, कृष्णानंद, संगीता पाण्डेय, अमृता सिंह सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।



