गाजीपुर : पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा
8 से 10 जून तक 12 केंद्रों पर होगी परीक्षा, प्रत्येक पाली में 4800 अभ्यर्थी होंगे शामिल

गाजीपुर। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 एवं 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी 12 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में कुल 4800 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा आवश्यकतानुसार सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की गई है।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्धारित समय पर गोपनीय प्रश्नपत्र पैकेट प्राप्त कर सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। वहीं स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर समाप्ति तक अपने-अपने केंद्रों पर मौजूद रहेंगे और संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से कार्यरत रहें, विद्युत आपूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था हो, शौचालय साफ-सुथरे हों तथा केंद्र परिसर में स्वच्छता बनाए रखी जाए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान, आयोग के अधिकारीगण, सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।



