लखनऊ को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने की बड़ी कवायद: मेयर सुषमा खर्कवाल और प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने किया भरवारा-मल्हौर वार्ड का औचक निरीक्षण; खाली प्लॉटों पर बाउंड्री वॉल न होने पर लगेगा जुर्माना!

लखनऊ को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने की बड़ी कवायद: मेयर सुषमा खर्कवाल और प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने किया भरवारा-मल्हौर वार्ड का औचक निरीक्षण; खाली प्लॉटों पर बाउंड्री वॉल न होने पर लगेगा जुर्माना!
लखनऊ। लखनऊ शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ आज माननीया महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी एवं लखनऊ के प्रभारी मंत्री व मा० वित्त व संसदीय कार्य मंत्री आदरणीय श्री सुरेश खन्ना जी ने संयुक्त रूप से नगर निगम के जोन-4 अंतर्गत भरवारा-मल्हौर वार्ड क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसटीपी एमिटी रोड स्थित खाली पड़े बड़े भूखंडों (प्लॉट्स) का बारीकी से जायजा लिया गया। क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरणीय व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने के उद्देश्य से महापौर जी एवं प्रभारी मंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से इन खाली पड़े प्लॉटों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए।
अतिक्रमण और अवैध कूड़ा डंपिंग पर कड़ा रुख:
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद जोनल अधिकारी को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र के सभी खाली प्लॉटों के स्वामियों को तत्काल नोटिस जारी किया जाए। उन्हें पाबंद किया जाए कि वे अपने प्लॉटों की बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) का निर्माण अनिवार्य रूप से कराएं, जिससे कि वहां होने वाली अवैध कूड़ा डंपिंग और भू-माफियाओं द्वारा अतिक्रमण की संभावनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। लापरवाही बरतने वाले भूस्वामियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव, श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री अरुण कुमार गुप्त, जोनल अधिकारी (जोन-4) श्रीमती शिल्पा कुमारी सहित नगर निगम के तमाम वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने स्पष्ट किया कि लखनऊ नगर निगम शहर को देश के सबसे स्वच्छ और व्यवस्थित महानगरों में शुमार करने हेतु नागरिकों के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है, और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



