लखनऊ में कालिदास मार्ग के पास चार संविदा कर्मियों ने खुद पर छिड़का पेट्रोल, आत्मदाह का किया प्रयास

लखनऊ में कालिदास मार्ग के पास चार संविदा कर्मियों ने खुद पर छिड़का पेट्रोल, आत्मदाह का किया प्रयास
गौतमपल्ली थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि चालक-परिचालकों का निजी कंपनी एसएस इंटरप्राइजेज में विलय किया जा रहा है, जिसका ये कर्मी विरोध कर रहे हैं।
लखनऊ में सोमवार को रोडवेज के चार संविदाकर्मियों ने आत्मदाह का प्रयास किया। चारों बॉटल में पेट्रोल लेकर पहुंचे और खुद पर उड़ेलने लगे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उनका कहना है कि हमारी बात नहीं सुनी जा रही है। एक निजी कंपनी में सभी संविदा चालकों-परिचालकों का विलय किया जा रहा है।
गौतमपल्ली थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया, आत्मदाह का प्रयास करने वालों में औरैया के मुकेश सैनी, उन्नाव के ज्ञानेंद्र रावत, कानपुर के नितिन श्रीवास्तव और गोंडा के अभिषेक सिंह शामिल हैं। चारों सिटी बस सेवा के चालक बताए जा रहे हैं। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
दुबग्गा डिपो पर संविदाकर्मी कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोप है कि चालक-परिचालकों का निजी कंपनी एसएस इंटरप्राइजेज में विलय किया जा रहा है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं। पुलिसकर्मियों ने कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया।



