गोरखपुर रेलवे बस स्टेशन के पास यातायात बाधित करने पर प्रशासन का एक्शन !! सड़क पर बेतरतीब खड़ी 8 रोडवेज बसों को किया सीज !! मचा हड़कंप

गोरखपुर रेलवे बस स्टेशन के पास यातायात बाधित करने पर प्रशासन का एक्शन !! सड़क पर बेतरतीब खड़ी 8 रोडवेज बसों को किया सीज !! मचा हड़कंप
गोरखपुर। शहर के रेलवे बस स्टेशन के आसपास सड़क पर बसें खड़ी करके यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। सड़क पर अवैध रूप से बसें खड़ी मिलने पर कैंट पुलिस ने रोडवेज की 8 बसों को सीज कर दिया है। इस कार्रवाई से परिवहन विभाग और बस चालकों में हड़कंप मच गया है।
रेलवे बस स्टेशन क्षेत्र में भीषण जाम और अव्यवस्था की समस्या को देखते हुए शुक्रवार को जिलाधिकारी (DM) दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने संयुक्त रूप से इलाके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि सड़क पर बेतरतीब ढंग से बसें खड़ी होने के कारण आम लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारियों ने उसी समय क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि बस स्टेशन परिसर के भीतर पर्याप्त जगह है, इसलिए बसों को सड़क पर किसी भी हाल में खड़ा न किया जाए। साथ ही, परिसर के खाली स्थान का उचित उपयोग करने और यात्रियों की सुविधा के लिए टिनशेड लगवाने के भी निर्देश दिए थे।
प्रशासन के कड़े रुख के बावजूद शनिवार को भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और बसें सड़क किनारे ही खड़ी मिलीं। निर्देशों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए कैंट थाना पुलिस ने शुक्रवार रात और शनिवार दोपहर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर यातायात को बाधित कर रही रोडवेज की 8 बसों को चिह्नित कर सीज कर दिया गया।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि बस स्टेशन परिसर में बसों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त जगह मौजूद है। परिवहन अधिकारियों को बार-बार निर्देश दिए गए हैं कि बसों को परिसर के अंदर ही पार्क किया जाए ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने। यातायात को बाधित करने वाली किसी भी गाड़ी को बख्शा नहीं जाएगा। आम जनमानस की सुविधा के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



