गोरखपुर: ‘2027 में जनता भाजपा को उखाड़ फेंकेगी, प्रदेश में होगी नई सुबह’ — नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे

गोरखपुर: ‘2027 में जनता भाजपा को उखाड़ फेंकेगी, प्रदेश में होगी नई सुबह’ — नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे

गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे आज गोरखपुर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर जिला जेल पहुंचकर सपा के पूर्व पार्षद श्याम यादव से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। जेल से बाहर आने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और तीखे तंज कसे।
’महंगाई के नाम पर जनता को बकायदा लूट रही है सरकार’
मीडिया से बात करते हुए माता प्रसाद पांडे ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “आज देश और प्रदेश की जनता त्रस्त है। सरकार महंगाई के नाम पर जनता को बकायदा लूटने का काम कर रही है।” उन्होंने आगे दावा किया कि इन सभी परेशानियों से तंग आ चुकी जनता साल 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सूबे से उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में समाजवादी पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और प्रदेश में एक ‘नई सुबह’ की शुरुआत होगी।
मायावती के ‘2007 वाले फॉर्मूले’ पर साधा निशाना
जब मीडिया ने उनसे सवाल किया कि बसपा सुप्रीमो मायावती एक बार फिर अपने 2007 वाले सोशल इंजीनियरिंग के कार्ड को खेलने की कोशिश कर रही हैं, तो इस पर पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “मायावती जी केवल रणनीति ही बनाती रह जाएंगी। उनकी रणनीति हमेशा की तरह इस बार भी फेल साबित होगी। वह इस समय राजनीतिक मैदान से पूरी तरह बाहर हैं और आगे भी मैदान से बाहर ही रहेंगी।”
’काकरोज जनता पार्टी’ के सोशल मीडिया बैन पर बोले पांडे
इंटरनेट और सोशल मीडिया पर ‘काकरोज जनता पार्टी’ के अकाउंट्स को बैन किए जाने के सवाल पर माता प्रसाद पांडे ने सरकार के इस कदम को उनकी हताशा बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के अंदर एक अजीब सा डर और हताशा का माहौल है, इसी डर के कारण उन्होंने ‘ठाकुर जनता पार्टी’ के सोशल मीडिया को पूरी तरह से बैन कर दिया है।
इस दौरान जेल परिसर के बाहर भारी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे, जिन्होंने नेता प्रतिपक्ष का जोरदार स्वागत किया।



