यूपी: बदली जाएगी प्रदेश की विधानसभा, सहारा शहर की जमीन पर विधानभवन बनना तय; टेंडर हुआ जारी

यूपी: बदली जाएगी प्रदेश की विधानसभा, सहारा शहर की जमीन पर विधानभवन बनना तय; टेंडर हुआ जारी
यूपी विधानसभा अब गोमती नगर स्थित सहारा शहर में बनना तय हो गया है। इस मामले में आ रहीं कानूनी अड़चनों को दूर कर लिया गया है।
गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की जमीन पर विधानभवन बनना तय हो गया है। अब अधिकृत तौर पर इसके निर्माण की सूचना बाहर आ गई है। एलडीए ने डिजाइन और प्लॉनिंग के लिए कंसल्टेंट चयन की खातिर शुक्रवार को टेंडर (आरएफपी) भी जारी कर दिया है। विधानभवन कितने समय में बनकर तैयार होगा और कितना बजट खर्च होगा, यह डीपीआर बनने पर पता चलेगा।
जिस जमीन पर विधानभवन बनेगा, वह 245 एकड़ है। इसमें 75 एकड़ जमीन ग्रीन बेल्ट के लिए एलडीए ने और 170 एकड़ जमीन नगर निगम ने सहारा शहर को आवासीय काॅलोनी बसाने के लिए लीज पर दी थी। एलडीए ने करीब डेढ़ साल पहले, जबकि सितंबर में नगर निगम ने लीज के शर्तों के उल्लंघन पर जमीन दोबारा अपने कब्जे में ले ली थी। तब से इस जमीन पर विधानभवन बनाने की चर्चाएं हो रही हैं। शासन के निर्देश पर करीब छह महीने पहले जमीन की पैमाइश भी हुई थी। अब उच्च स्तर पर इस जमीन पर विधानभवन बनाने का निर्णय होने के बाद एलडीए ने कंसल्टेंट नियुक्त करने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। इसके लिए 23 मई से 21 जून तक टेंडर डाले जा सकेंगे।
उपयुक्त है यह जगहजानकारों का कहना है कि सरकार को नई विधानसभा बनाने के लिए करीब 200 एकड़ जमीन की तलाश थी। सहारा शहर से कब्जे में ली गई यह जमीन जगह, लोकेशन और आवागमन के हिसाब से सबसे उपयुक्त है। विधानसभा के साथ ही यहां सचिवालय, मुख्यमंत्री निवास व अन्य सरकारी कार्यालय भी बनाए जाएंगे। इसके चलते ही टेंडर में विधानभवन काॅम्प्लेक्स निर्माण की बात कही गई है।
टेंडर हुए जारीसहारा शहर वाली जमीन पर विधानभवन निर्माण को लेकर कंसल्टेंट और ऑर्किटेक्ट चयन को टेंडर जारी किया गया है। चयन होने के बाद प्लॉनिंग पर काम शुरू होगा।- प्रथमेश कुमार, वीसी एलडीए



