Breaking Newsभारतशिक्षा

गाजीपुर (जखनिया) : प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्रों का उत्साहवर्धन, शिक्षण सामग्री वितरण से निखरेगी शिक्षा की राह

प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्रों का उत्साहवर्धन, शिक्षण सामग्री वितरण से निखरेगी शिक्षा की राह

अलीपुर मदंरा के स्व. राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज में भव्य आयोजन, मुख्य अतिथि डॉ. उपासना रानी वर्मा व एसडीएम अतुल कुमार की गरिमामयी उपस्थिति

गाजीपुर (जखनिया):स्वर्गीय राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज, अलीपुर मदंरा में आज एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह एवं शिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. उपासना रानी वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उप जिलाधिकारी जखनिया अतुल कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में पहुंचकर मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रबंधक अटल कुमार सिंह ने अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिथियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।इस अवसर पर कक्षा 9, 10, 11 एवं 12 के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया तथा उपस्थित विद्यार्थियों को ड्रेस एवं शिक्षण सामग्री वितरित की गई, जिससे छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मुख्य अतिथि डॉ. उपासना रानी वर्मा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि—

“आज के समय में यदि कोई विद्यालय प्रबंधन यह सोच रखता है कि कोई भी बच्चा ड्रेस, कॉपी-किताब के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे, तो यह उसकी श्रेष्ठ सोच और मजबूत संकल्प को दर्शाता है। ऐसी पहल वास्तव में समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।”

उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा—

“कड़ी मेहनत, दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। कठिनाइयों से घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि उनका सामना करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। आज मैं जिस पद पर हूं, वह मेरी मेहनत और संकल्प का परिणाम है—आप भी अपने जीवन में बड़ा मुकाम हासिल कर सकती हैं।”

वहीं विशिष्ट अतिथि अतुल कुमार (एसडीएम जखनिया) ने कहा

“विद्यालय हमेशा छात्रों के हित और उनके समग्र विकास के लिए समर्पित रहा है। बच्चों को स्वच्छ एवं सकारात्मक वातावरण में मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए, तभी वे अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।”

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक अटल कुमार सिंह ने अपने भावुक एवं प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा—

“मेरे विद्यालय के हर छात्र-छात्रा के प्रति मेरी जिम्मेदारी है कि उन्हें बेहतर शिक्षा और अनुकूल वातावरण मिले। मेरा प्रयास है कि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए। मैं चाहता हूं कि यहां से पढ़कर निकलने वाला हर विद्यार्थी जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करे, ताकि मुझे गर्व से कहने का अवसर मिले कि यह मेरे विद्यालय का छात्र है।”उन्होंने आगे कहा—
“मैंने अपने जीवन में अभावों को करीब से देखा और महसूस किया है, इसलिए मेरा संकल्प है कि मेरे विद्यालय में किसी भी बच्चे की शिक्षा अभाव के कारण बाधित न हो। इसके लिए मैं निरंतर प्रयासरत रहूंगा।”

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सर्वानंद सिंह (अलीपुर मदंरा), ग्राम प्रधान रामाधार गुप्ता (पदुमपुर), ग्राम प्रधान सुरेश यादव (मुस्तफाबाद), सरफुद्दीन अंसारी, आशु सिंह, अजीत सिंह, काली कोतवाली जखनिया के एसआई दीपक कुमार, एसआई सचिन सिंह, एसआई जेपी सिंह, भाजपा जिला मंत्री दिनेश सिंह यादव, अरविंद यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को सम्मानित करने का मंच बना, बल्कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button