जखनिया (गाजीपुर) : महंथ रामाश्रय दास पी.जी. कॉलेज में शारीरिक शिक्षा विषय हेतु स्थलीय निरीक्षण सम्पन्न

महंथ रामाश्रय दास पी.जी. कॉलेज में शारीरिक शिक्षा विषय हेतु स्थलीय निरीक्षण सम्पन्न
नई शिक्षा नीति 2020 के तहत स्नातक स्तर पर 2026-27 सत्र से संचालन की तैयारी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण

जखनिया (गाजीपुर), 18 अप्रैल 2026। श्री महंथ रामाश्रय दास पी.जी. कॉलेज में आज का दिन महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत हर्ष का रहा। शासन की मंशा एवं नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शारीरिक शिक्षा विषय की मान्यता हेतु आवश्यक प्रक्रिया के तहत शनिवार को स्थलीय निरीक्षण सम्पन्न हुआ।यह निरीक्षण डॉ. ज्ञान प्रकाश वर्मा (क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, वाराणसी) की अध्यक्षता में किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार जायसवाल के अथक प्रयास एवं श्री महंथ शत्रुघ्न दास महाराज के आशीर्वाद से यह महत्वपूर्ण चरण सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, स्नातक स्तर पर शारीरिक शिक्षा विषय का संचालन आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ करने की योजना है। इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, शारीरिक शिक्षा न केवल शरीर को सुदृढ़ बनाती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर करने, तनाव को कम करने और अनुशासित जीवनशैली विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। खेल, योग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।इसके साथ ही, शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में रोजगार के अनेक अवसर भी उपलब्ध हैं, जैसे नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक, प्रशिक्षक तथा योगाचार्य के रूप में करियर बनाया जा सकता है।
महाविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।


