लखनऊ कैबवे पर वाहन स्वामियों से मनमानी वसूली, थमा रहे कच्ची पर्ची

लखनऊ कैबवे पर वाहन स्वामियों से मनमानी वसूली, थमा रहे कच्ची पर्ची
-पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन का मामला-रेलवे ने दिए जांच के आदेश, ठेकेदार ने कर्मी को हटाया
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर कैबवे पर वाहन मालिकों से जबरन वसूली की जा रही है। उन्हें कच्ची पर्चियां दी जा रही हैं, जिस पर पेन से डिटेल लिखी जा रही है। पर्ची से सिर्फ जीएसटी चोरी ही नहीं हो रही है, बल्कि वाहन मालिकों के लिए भी परेशानियां बढ़ रही हैं। रेलवे से इसकी शिकायत की गई है। जिस पर जांच के आदेश दिए गए हैं।हालांकि ठेकेदार का दावा है कि ऐसा करने वाले कर्मचारी को नैाकरी से निकाल दिया गया है। लखनऊ जंक्शन का कैब-वे चारबाग व लखनऊ जंक्शन स्टेशन को मवैया से जोड़ता है। इससे लखनऊ जंक्शन के प्लैटफॉर्म नंबर छह पर यात्री वाहन से पहुंच जाते हैं। कैबवे पर जाने के लिए चार्ज लिया जाता है। दीपक सिंह ने कैबवे पर मनमानी को लेकर शिकायत की है। वह अपने टैंपो ट्रैवलर से गए तो उन्हें ठेकेदार के गुर्गे ने एक पर्ची दी। पर्ची पर ‘पूर्वोत्तर रेलवे कैब-वे भारी वाहन प्रवेश शुल्क प्लेटफार्म नम्बर-6’ छपा हुआ साथ में दिनांक और समय के साथ दर का विकल्प छपा है। पर्ची पर कर्मचारी ने दर के आगे 500 रुपये लिखा हुआ है। यह पर्ची वैध नहीं है तो कर्मचारी विवाद पर उतारू हो गया। पूरे मामले की शिकायत रेलवे से की गई है। उनका कहना है कि पर्ची वैध नहीं है। पर्ची पर ठेकेदार का नाम, मोबाइल नंबर, जीएसटी नंबर आदि नहीं लिखा है। यह रसीद मशीन से कटती है। ऐसा नहीं कर ठेकेदार न सिर्फ जीएसटी चोरी कर रहा है, बल्कि पर्ची से वाहन स्वामी कोई दावा भी नहीं कर सकते हैं। वाहन खोने या क्षतिग्रस्त होने पर क्लेम नहीं मिलेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल सेवा की ओर कंप्लेन नंबर 026041710074 दर्ज करते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं। हालांकि जांच का आदेश जारी होने के बाद वाहन मालिक दीपक सिंह ने बताया कि ठेकेदार ने उनसे वसूले गए पैसे वापस कर दिए। माफी मांगी और कर्मचारी को हटा दिया है।


