Breaking Newsभारत

गाजीपुर : नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम

नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम

रायफल क्लब सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं ने रखे विचार, 33% आरक्षण को बताया परिवर्तनकारी पहल

गाजीपुर, 17 अप्रैल 2026

नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर आज जिला मुख्यालय स्थित रायफल क्लब, कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित महिलाओं ने प्रतिभाग करते हुए अधिनियम के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।प्रेस वार्ता के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। नारी वंदन कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति और विज्ञान सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं, ऐसे में उन्हें समान अवसर मिलना जरूरी है।डॉ. ऋचा राय (साहित्यकार) ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी प्रदान करेगा। लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित होगी।डॉ. बीती सिंह (चिकित्सक) ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी। यह अधिनियम समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाएगा और महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

शिक्षा क्षेत्र से श्रीमती विभा श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से नीति निर्माण अधिक संवेदनशील और प्रभावी होगा। इससे बालिकाओं को प्रेरणा मिलेगी और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर होंगी।अधिवक्ता ज्योत्सना श्रीवास्तव ने अधिनियम के कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को संवैधानिक अधिकारों के तहत मजबूत आधार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व बढ़ने से देश का समग्र विकास तेज होगा।कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल आरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लैंगिक समानता का सशक्त संदेश है। इसके लागू होने से पंचायत से संसद तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और नीतियां अधिक समावेशी बनेंगी।कार्यक्रम के अंत में सरकार की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आमजन से इनका लाभ उठाने की अपील की गई। साथ ही महिलाओं के प्रति भेदभाव और हिंसा समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया।प्रेस वार्ता का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने दिया। इस अवसर पर सहायक पर्यटक अधिकारी राम कुमार मौर्य, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि एवं सूचना विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button