गाजीपुर : विद्युत शॉर्ट सर्किट से लगी आग से तीन बीघा गेहूं की फसल बनी राख

गाजीपुर
विद्युत शॉर्ट सर्किट से लगी आग से तीन बीघा गेहूं की फसल बनी राख
गाजीपुर। विकास खण्ड सादात के शिशुआपार गांव में शुक्रवार की सुबह विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग से करीब तीन बीघा में लगी गेहूं की फसल देखते देखते जल कर राख हो गई। अपनी मेहनत की लगी फसल को जलते देख किसानों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया लेकिन तब तक उनकी खड़ी गेहूं की फसल जल कर राख बन चुकी थी। पीड़ित किसानों ने इस आग लगी के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप रहा कि गांव में पचासों साल पहले लगाये गये पुराने जर्जर बिजली के तार काफी नीचे लटके हुए हैं जिसके कारण यह घटना हुई है। उन्होंने कहा कि इन तारों को बदलने के लिए विद्युत विभाग से बार-बार शिकायतें की गईं लेकिन अधिकारियों के कानों पर जूं नहीं रेंगी। कुंभकर्णी निद्रा में मस्त विभागीय अधिकारियों की लापरवाही का यह नतीजा रहा कि पीड़ित किसान दाने-दाने को मोहताज हो गया है। इस आगजनी में अरविंद राय पुत्र स्वर्गीय हरिद्वार राय, अनिल राय पुत्र सत्यराम राय, विनय राय पुत्र स्वर्गीय गोरख राय, संकठा राय पुत्र स्वर्गीय विक्रमा राय, सुनील राय पुत्र हरिद्वार राय और मीना देवी पत्नी शिवचरणजी राजभर सहित कई किसानों के गेहूं की तैयार फसल नष्ट हो गयी है। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल राम प्रवेश यादव और ग्राम सचिव मौके पर पहुंचे। स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए उन्होंने तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेजने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।



