जखनियां (गाजीपुर) : शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, पोखरी-कब्रिस्तान के पेड़ों समेत गेहूं के डंठल जले

शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, पोखरी-कब्रिस्तान के पेड़ों समेत गेहूं के डंठल जले
फायर ब्रिगेड देर से पहुंची, स्थानीय लोगों ने घंटों मशक्कत कर पाया काबू; बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

जखनियां (गाजीपुर), 09 अप्रैल 2026।तहसील जखनियां क्षेत्र के बाजार स्थित पश्चिमी सरकारी गोदाम के पास गुरुवार सुबह करीब 11 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिससे पोखरी, कब्रिस्तान और आसपास के खेतों में गेहूं के डंठल जलकर नष्ट हो गए। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और अगल बगल में अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले खेत में पड़े गेहूं के डंठलों में लगी, जो तेजी से फैलते हुए पोखरी किनारे लगे पेड़ों और बगल के कब्रिस्तान तक पहुंच गई। आग की लपटों ने दोनों स्थानों पर लगे पेड़ों को भारी क्षति पहुंचाई। वहीं, पोखरी के किनारे लगी सिंचाई पाइप भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने का अथक प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण काफी देर तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर कोतवाली भुड़कुड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गई।फायर ब्रिगेड को भी तत्काल सूचना दी गई, लेकिन टीम लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय लोगों और पुलिस के प्रयास से आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया था।गनीमत रही कि आग आसपास खड़ी गेहूं की फसल तक नहीं पहुंच सकी, जिससे एक बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि, पेड़ों, डंठलों और सिंचाई संसाधनों को काफी क्षति हुई है।स्थानीय लोगों ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में बिजली के तारों की खराब स्थिति की शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह आगजनी की घटना हुई है।घटना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखा गया। लोगों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।



