जखनियां (गाजीपुर) : पूर्व माध्यमिक विद्यालय हथियाराम में चोरी, आईसीटी कक्ष से लाखों का सामान पार

पूर्व माध्यमिक विद्यालय हथियाराम में चोरी, आईसीटी कक्ष से लाखों का सामान पार

जखनियां (गाजीपुर), 10 अप्रैल 2026।भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय हथियाराम (जरवनिया) में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। इस घटना से विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा विद्यालय के कक्षा-कक्ष का ताला तोड़ दिया गया और अंदर रखे बहुमूल्य सामान चोरी कर लिए गए। विशेष रूप से आईसीटी कक्ष को निशाना बनाते हुए वहां से महत्वपूर्ण उपकरण उठा ले जाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने इसकी लिखित सूचना भुड़कुड़ा थाने में दी।
प्रधानाध्यापक के अनुसार, चोरी हुए सामानों में 7.5 केवी का इनवर्टर (नंबर- 25A0B+5), एक्साइड कंपनी की दो बैटरियां (नंबर- 026800047624), कक्षा 5 के पांच पंखे, गैस सिलेंडर व चूल्हा, खेल सामग्री, स्मार्ट बोर्ड का ओपीएस (OPS) व वेब कैमरा, एचपी कंपनी का प्रिंटर (नंबर- VNP 5842796, कोड- BOE000042678) तथा किचन के बर्तन और राशन शामिल हैं।
विद्यालय प्रशासन ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई करते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



