अखिलेश का आरोप: भाजपा राज में पुलिस व्यवस्था चौपट, अस्पतालों की हालत खराब; गरीबों को नहीं मिल रहा इलाज

अखिलेश का आरोप: भाजपा राज में पुलिस व्यवस्था चौपट, अस्पतालों की हालत खराब; गरीबों को नहीं मिल रहा इलाज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है।
सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा का राजनीतिक चरित्र जनविरोधी है। भाजपा राज में प्रदेश की पुलिस-व्यवस्था चौपट है। कानून का राज नहीं है। अस्पतालों की हालत खराब है। गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। वह बृहस्पतिवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में 2024 लोकसभा चुनाव से ज्यादा सावधानी बरतनी है। भाजपा की साजिश से सावधान रहना है। जनता बदलाव चाहती है। सरकार बनाने के लिए सावधानी से काम करना है। एसआईआर में नकली हस्ताक्षर से वोट कटवाए जा रहे थे। चुनाव आयोग निष्क्रिय बना है।
सपा कार्यकर्ता और नेता बूथ पर जाकर लोगों को भाजपा सरकार की नाकामियां गिनाएं। भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया। बड़े शहरों में यातायात व्यवस्था बर्बाद है। लखनऊ में सात हजार करोड़ में ग्रीन कारिडोर बनाया, जिसकी डिजायन गलत है। नौ साल में एक भी बिजली का प्लांट नहीं लगा।
स्मार्ट मीटर से बिल में धांधली हो रही है। उपभोक्ता परेशान हैं। सरकार ने कन्नौज का मिल्क प्लांट बंद कर दिया। किसान बाजार बेच दिया। भाजपा सरकार किसानों की दुश्मन है। मुख्यमंत्री का विकास से कोई वास्ता नहीं है। सपा सरकार में विकास के बड़े कार्य हुए थे। प्रदेश को दोबारा विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना ही होगा। इस अवसर पर विधानसभा में नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल मौजूद थे।



