Breaking Newsभारत

जखनियां (गाजीपुर) : जखनियां के प्रतिष्ठित व्यापारी गुड्डू चौरसिया का निधन के बाद,शोक संवेदनाओं का लगा तांता

जखनियां के प्रतिष्ठित व्यापारी गुड्डू चौरसिया का निधन के बाद,शोक संवेदनाओं का लगा तांता

हृदय गति रुकने से 5 अप्रैल को हुआ था निधन, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जखनियां (गाजीपुर), 09 अप्रैल 2026।जखनियां क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यापारी देवेंद्र चौरसिया उर्फ गुड्डू चौरसिया के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल 2026 को हृदय गति रुक जाने के कारण उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र के लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया और शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का उनके आवास पर लगातार तांता लगा हुआ है।बताया जाता है कि गुड्डू चौरसिया अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाइयों में रविंद्र चौरसिया उर्फ रानू तथा सचिन चौरसिया शामिल हैं। पारिवारिक स्थिति की बात करें तो कुछ वर्ष पूर्व ही उनकी पत्नी का भी निधन हो चुका है, जिससे परिवार पहले ही गहरे सदमे में था। अब उनके निधन के बाद परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।गुड्डू चौरसिया अपने पीछे तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पहले मां और अब पिता के साये के उठ जाने से बच्चे पूरी तरह टूट गए हैं। परिवार के सदस्यों की स्थिति अत्यंत पीड़ादायक बनी हुई है। इस कठिन समय में उनके दोनों भाई बच्चों को ढांढस बंधाते नजर आ रहे हैं।शोकाकुल भाई रविंद्र चौरसिया उर्फ रानू ने भावुक होकर कहा कि उनके परिवार पर जैसे वज्रपात हो गया हो। पहले भाभी और अब बड़े भाई की मृत्यु ने उन्हें अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया है। बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ जाना अत्यंत पीड़ादायक है। यह कहते हुए उनकी आंखों में आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।दिवंगत गुड्डू चौरसिया को श्रद्धांजलि देने वालों में जखनियां जिला पंचायत तृतीय के प्रतिनिधि, सुहेलदेव समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रभाकर जायसवाल, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारस नाथ राय, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अवधेश यादव उर्फ राजू यादव, सपा के ब्लॉक अध्यक्ष वजीर भारती, रंजू, सुखलाल, कमलेश यादव, दयाशंकर त्रिपाठी, प्रशांत सिंह, दीपक गुप्ता, शमीम अंसारी, सत्यम चौबे सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों ने पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।क्षेत्र के लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button