जखनियां (गाजीपुर) : बेशों नदी किनारे भीषण आग, बगीचा और गेहूं की फसल जलकर राख,दमकल की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, नुकसान का होगा आकलन

बेशों नदी किनारे भीषण आग, बगीचा और गेहूं की फसल जलकर राख,दमकल की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, नुकसान का होगा आकलन

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। जखनिया विकासखंड क्षेत्र के तालगांव मोलनापुर गांव में बुधवार को दोपहर करीब 2 बजे अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बेशों नदी किनारे स्थित बगीचे और झाड़ियों में अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
आग बुझाने के लिए ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर और पेड़ों की टहनियों की मदद से काफी प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
सौ से अधिक पेड़ जलकर राख
ग्रामीण पिंकू पांडे के अनुसार, आग की चपेट में आकर बगीचे के लगभग 100 पेड़ जलकर राख हो गए। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पास में खड़ी गेहूं की फसल भी पूरी तरह जल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान होता।
दोबारा भड़की आग, फसल को नुकसान
वहीं, समीपवर्ती सेमूऊर गांव में कटी हुई फसल के अवशेष (कंठल) में भी आग लग गई थी, जिसे ग्रामीणों ने पहले बुझा दिया था। लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद आग ने फिर से विकराल रूप ले लिया और इस बार सुधीर राम (पुत्र स्वर्गीय राजपथ राम) की लगभग एक बीघा खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। ग्राम प्रधान अजीत सिंह ने बताया कि बाद में ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।
नुकसान का होगा आकलन
इस संबंध में उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



