Breaking Newsभारत

गोरखपुर : मिशन बेटियां गेटेम्बे फाउंडेशन ने घोषित की नई जिला कार्यकारिणी

मिशन बेटियां गेटेम्बे फाउंडेशन ने घोषित की नई जिला कार्यकारिणी

उर्वशी साहू बनीं जिला संयोजक, शैलेन्द्र जैन सहसंयोजक और विजय पाल सिंह सचिव नियुक्त

गोरखपुर। बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को केंद्र में रखकर कार्य कर रही सामाजिक संस्था मिशन बेटियां गेटेम्बे फाउंडेशन ने अपने संगठनात्मक विस्तार के तहत जनपद स्तर पर नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की है। संस्था की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार उर्वशी साहू को जिला संयोजक, शिक्षक एवं ए.आर.पी. शैलेन्द्र जैन को सहसंयोजक तथा शिक्षक सरदार विजय पाल सिंह (सन्नी) को जिला सचिव नियुक्त किया गया है।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि मिशन बेटियां गेटेम्बे फाउंडेशन पिछले एक दशक से अधिक समय से बेटियों के जीवन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रहा है। संस्था द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान, शैक्षिक मार्गदर्शन, स्वास्थ्य शिविर, सामाजिक संवाद और महिला सशक्तिकरण से जुड़े आयोजन किए जाते रहे हैं।

नव-नियुक्त जिला संयोजक उर्वशी साहू ने पदभार ग्रहण करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल्द ही जनपद के शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों और युवाओं को जोड़कर एक सक्रिय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिससे संस्था के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके।

सहसंयोजक शैलेन्द्र जैन ने बताया कि संस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए एक सोशल मीडिया टीम गठित की जाएगी, जो संस्था की गतिविधियों और योजनाओं को व्यापक स्तर पर प्रचारित करेगी। उन्होंने पारदर्शिता, संवाद और सहभागिता को संगठन की प्राथमिकता बताया।

वहीं, नवनियुक्त जिला सचिव विजय पाल सिंह (सन्नी) ने कहा कि संस्था का मूल उद्देश्य परोपकार और समाज सेवा है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य समाज और राष्ट्र की सेवा करना होना चाहिए।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही एक व्यापक सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें शिक्षकों, चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और युवाओं को जोड़कर एक मजबूत सामाजिक नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

नई जिला टीम के गठन के साथ संस्था ने विश्वास जताया है कि मिशन बेटियां गेटेम्बे फाउंडेशन बेटियों के सर्वांगीण विकास, नारी सम्मान और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा। संगठन ने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया l

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button