गाजीपुर : गाजीपुर में हाईस्कूल परीक्षा के दौरान 8 छद्म परीक्षार्थी पकड़े गए, विधिक कार्रवाई

गाजीपुर में हाईस्कूल परीक्षा के दौरान 8 छद्म परीक्षार्थी पकड़े गए, विधिक कार्रवाई
गाजीपुर, 25 फरवरी 2026– जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में बेसिक शिक्षा अधिकारी के आदेश पर माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों/कक्षों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रथम पाली में विज्ञान विषय की परीक्षा के समय दो परीक्षा केंद्रों पर मूल परीक्षार्थियों के स्थान पर छद्म परीक्षार्थी परीक्षा देते हुए पकड़े गए।
इन केंद्रों पर पकड़े गए छद्म परीक्षार्थी
1. मॉ वीणा वादिनी उच्च माध्यमिक विद्यालय (केंद्र कोड-1879)
यहां कुल 7 मामलों में मूल अभ्यर्थियों के स्थान पर अन्य व्यक्तियों को परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। संबंधित परीक्षार्थियों के विरुद्ध केंद्र व्यवस्थापक द्वारा विधिक कार्रवाई की गई।
2. किरतू राय इंटर कॉलेज (विद्यालय कोड-1067)
यहां एक अभ्यर्थी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को परीक्षा देते हुए पकड़ा गया, जिसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा सभी आरोपितों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सघन निगरानी की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



