Breaking Newsभारत

मिलावटखोर बेच रहे जहर: लखनऊ में 46 लाख की खाद्य सामग्री सीज; घर पर ऐसे पहचानें दूध से बने सामान में मिलावट

मिलावटखोर बेच रहे जहर: लखनऊ में 46 लाख की खाद्य सामग्री सीज; घर पर ऐसे पहचानें दूध से बने सामान में मिलावट

लखनऊ में एफएसडीए की टीम ने छापा मारकर 46 लाख से अधिक की मिलावटी खाद्य सामग्री सीज की। आगे पढ़ें और जानें घर पर दूध से बने सामान में मिलावट की पहचान कैसे कर सकते हैं?

राजधानी लखनऊ में होली से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावट के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर छापा मारकर 17 किलो मिलावटी खोवा नष्ट कराया। इसके साथ ही नमकीन, बेसन, तेल और दाल समेत 2,942 किलो सामान सीज किया गया जिसकी अनुमानित कीमत 46.42 लाख रुपये है।

विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य तेल, दुग्ध उत्पाद, बेसन, आटा, नमकीन, मटर दाल व अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। टीम ने पुरानी बाजार इटौंजा (बीकेटी) स्थित बीएन इंटरप्राइजेज में मानकों के विपरीत पैकिंग करने पर 16,300 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल और 9,081 लीटर सरसों तेल सीज किया। पैकेटों पर अधूरी व भ्रामक जानकारी अंकित थी।

इन जगहों पर की गई कार्रवाई

मोहिबुल्लापुर स्थित हरियाणा गृह उद्योग से 338 किलो बेसन व 128 किलो आटा, मक्खीजा नमकीन से 428 किलो नमकीन तथा महादेव ट्रेडर्स जलालपुर से 1,923 किलो मटर दाल और 99 किलो रंगीन बूंदी जब्त की गई।

खोवामंडी कुमरावा (बीकेटी) में जांच के दौरान 17 किलो दुर्गंधयुक्त खोवा मानव उपभोग के अयोग्य पाया गया, जिसे नष्ट कराया गया। वहीं, भूहर ग्राम दुबग्गा स्थित राधा इंटरप्राइजेज को बिना खाद्य लाइसेंस संचालन पर तत्काल बंद कराया गया।
विभाग के सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के तहत कुल 29,420 किलोग्राम खाद्य पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत 46,42,645 रुपये है, सीज किए गए। उन्होंने बताया कि मिलावट के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

दूध व दुग्ध उत्पादों में मिलावट की ऐसे करें पहचान

दूध में पानी की मिलावट : दूध की एक बूंद किसी चिकनी और तिरछी सतह पर डालें। यदि बूंद धीरे-धीरे बहे और पीछे सफेद धार छोड़ दे तो दूध शुद्ध है, लेकिन यदि वह बिना धार छोड़े तुरंत बह जाए तो उसमें पानी मिलाया गया हो सकता है।

दूध में डिटर्जेंट की मिलावट : 5 से 10 मिली दूध में बराबर मात्रा में पानी मिलाकर अच्छी तरह हिलाएं। यदि अधिक और गाढ़ी झाग बने तो डिटर्जेंट की मिलावट की आशंका है, जबकि शुद्ध दूध में हल्की झाग की पतली परत ही बनती है।

खोया, पनीर और छेना में स्टार्च की मिलावट : सैंपल में थोड़ा पानी मिलाकर ठंडा करें और उसमें आयोडीन की 2–3 बूंद डालें। यदि नीला रंग उभर आए तो स्टार्च की मिलावट है।

घी और मक्खन में उबले आलू या स्टार्च की मिलावट : आधा चम्मच घी या मक्खन में आयोडीन की बूंद डालने पर नीला रंग दिखाई दे तो यह आलू या अन्य स्टार्च की मिलावट का संकेत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button