गाजीपुर : डीएम ने जमानियां तहसील का औचक निरीक्षण किया, लंबित पत्रावलियों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

गाजीपुर: डीएम ने जमानियां तहसील का औचक निरीक्षण किया, लंबित पत्रावलियों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
गाजीपुर, 21 फरवरी 2026। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शुक्रवार को तहसील जमानियां के विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपजिलाधिकारी कक्ष एवं न्यायालय कक्ष में रखी फाइलों का अवलोकन किया तथा रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय, नायब तहसीलदार न्यायालय/कार्यालय, तहसील अभिलेखागार कक्ष एवं तहसीलदार न्यायिक कक्ष का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने लंबित पुरानी पत्रावलियों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवशेष फाइलों में समयबद्ध रूप से दाखिल-दफ्तर की कार्यवाही पूर्ण कर ली जाए, ताकि अनावश्यक विलंब न हो। अभिलेखों के रख-रखाव की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
संग्रह कार्यालय एवं रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन आरसी, स्टाम्प रजिस्टर, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, खसरा-खतौनी सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने पत्रावलियों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने और अभिलेख प्रबंधन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय उपजिलाधिकारी जमानियां ज्योति चौरसिया, नायब तहसीलदार अवनीश कुमार तथा संबंधित पटल सहायक उपस्थित रहे।



