गाजीपुर : गाजीपुर में मेगा ऋण शिविर का भव्य आयोजन, 225 करोड़ रुपये के ऋण वितरित

गाजीपुर में मेगा ऋण शिविर का भव्य आयोजन, 225 करोड़ रुपये के ऋण वितरित

गाजीपुर, 20 फरवरी 2026। जनपद के ऑडिटोरियम हाल में मेगा ऋण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने प्रदर्शनी/मेले का अवलोकन करने के उपरांत दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख (पश्चिम) संजय कुमार सिन्हा एवं क्षेत्र प्रमुख (पूर्व) मुकेश रमन, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार सहित सभी बैंक समन्वयक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), स्वयं सहायता समूह ऋण योजनाओं सहित अन्य स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत स्टॉल लगाकर प्रदर्शनी आयोजित की गई। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इलाहाबाद बैंक सहित अन्य बैंकों एवं उद्योग विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने जनपद में ऋण वितरण की अपेक्षित वृद्धि पर बैंकों की सराहना की। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु बैंकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने उद्यमियों एवं लाभार्थियों से अपील की कि वे स्वरोजगार को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें। साथ ही बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
विशिष्ट अतिथि सरिता अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के मेगा ऋण शिविरों से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने लाभार्थियों से ऋण का सदुपयोग करने एवं समय से अदायगी सुनिश्चित करने की अपील की।
जिला अग्रणी प्रबंधक ने बताया कि शिविर में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, ओडीओपी, पीएम स्वनिधि, एमवाईएसवाई, पीएम सूर्यघर योजना तथा बैंकों द्वारा संचालित विभिन्न एमएसएमई, रिटेल एवं कृषि योजनाओं के तहत 1 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक स्वीकृत लगभग 225 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण किया गया। मंचासीन अतिथियों द्वारा लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक प्रदान किए गए।
शिविर में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमियों, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।



