Breaking Newsभारत

ज़खनिया (गाज़ीपुर) : ज़खनिया स्टेशन पर मेमू ट्रेन से गिरे यात्री की अस्पताल जाते समय मौत, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

ज़खनिया स्टेशन पर मेमू ट्रेन से गिरे यात्री की अस्पताल जाते समय मौत, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

ज़खनिया (गाज़ीपुर)। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जखनियां रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। मऊ से प्रयागराज जा रही 65131 मेमू ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक यात्री का पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे जा गिरा। हादसे से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी और चलने ही वाली थी। इसी दौरान यात्री ने जल्दबाजी में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही देर रात उसकी मौत हो गई।

कोतवाल श्याम जी यादव ने बताया कि घायल यात्री की पहचान मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के आदमपुर निवासी रामलक्ष्मण पुत्र विश्वनाथ (लगभग 52 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में उनका बायां पैर कट गया था। पुलिस की मौजूदगी में उन्हें अस्पताल भेजा गया था। मृत्यु के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। परिजन भी पीएम हाउस पहुंच गए थे।

घटना के कारण मऊ-प्रयागराज मेमू ट्रेन लगभग 10 मिनट विलंब से वाराणसी की ओर रवाना हुई।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें तथा प्लेटफॉर्म पर सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button