गाजीपुर : जिला पूर्ति, खाद्य विपणन व पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालयों का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण

जिला पूर्ति, खाद्य विपणन व पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालयों का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण
गाजीपुर, 20 फरवरी 2026। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने गुरुवार को जनपद मुख्यालय स्थित जिला पूर्ति विभाग, जिला खाद्य विपणन कार्यालय एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों का जायजा लेते हुए कार्यालय व्यवस्था की समीक्षा की।
डीएम ने खाद्यान्न, प्रवर्तन, आपूर्ति, अनुश्रवण कक्ष, अधिष्ठान, लेखा अनुभाग, राशन कार्ड अनुभाग सहित अन्य पटलों की जांच की। निरीक्षण के दौरान फाइलों का रख-रखाव बेतरतीब ढंग से पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त तीनों कार्यालयों के कर्मचारियों की सर्विस बुक, भविष्य निधि पासबुक, अर्जित अवकाश एवं आकस्मिक अवकाश संबंधी अभिलेखों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान कई फाइलों में कमियां पाई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने पूर्ति लिपिक रामा सिंह यादव को स्पष्टीकरण देने एवं वेतन रोकने, विपणन सहायक प्रहलाद चंद का वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण देने तथा जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के लिपिक अनुभव श्रीवास्तव से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी अनंत सिंह, तहसीलदार सदर राजीव यादव, नायब तहसीलदार विजय कांत, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरजा शंकर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



