गाजीपुर : गाजीपुर में स्कूल प्रार्थना के दौरान कक्षा 8 की छात्रा की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

गाजीपुर में स्कूल प्रार्थना के दौरान कक्षा 8 की छात्रा की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के कोतवाली भुड़कुडा़ क्षेत्र अंतर्गत डालिम्स सनबीम स्कूल जखनियां में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रार्थना सभा के दौरान कक्षा 8 की छात्रा आराध्या यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने के बाद वह वहीं गिर पड़ीं।विद्यालय के प्रशासनिक कार्यभार देख रहे वैष्णव प्रकाश ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को आनन-फानन में जखनिया बाजार स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि आराध्या यादव डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया की कक्षा 8 की छात्रा थीं। वह पदुमपुर राम राय(कोंडरा) निवासी विश्वनाथ यादव की नातिन थीं। उनके पिता डॉ. अनिल यादव बदायूं में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता विजयलक्ष्मी एक गृहिणी हैं। दो संतानों में आराध्या बड़ी थीं और उनका एक छोटा भाई विवान (उम्र 7 वर्ष) है।घटना के बाद विद्यालय परिसर में शोक की लहर फैल गई। विद्यालय प्रशासन ने श्रद्धांजलि अर्पित कर अवकाश घोषित कर दिया। डालिम्स सनबीम स्कूल के प्रबंधक आमिर अली सहित विद्यालय के शिक्षकगण छात्रा के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।विद्यालय प्रशासन के अनुसार, आराध्या की तबीयत पहले भी खराब रहती थी। परिजनों को इसकी सूचना पूर्व में दी जा चुकी थी। बताया गया कि किसी भी प्रस्तुति या कार्यक्रम में भाग लेने से पहले वह घबरा जाती थीं और पूर्व में दो-तीन बार बेहोश भी हो चुकी थीं।जैसे ही घटना की सूचना परिजनों को मिली, घर और क्षेत्र में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।



