सादात : खंड विकास कार्यालय सादात के सभागार में ‘पोषण भी पढ़ाई भी’ कार्यक्रम के तहत तीन दिवसीय आंगनवाड़ी प्रशिक्षण

सादात। खंड विकास कार्यालय सादात के सभागार में ‘पोषण भी पढ़ाई भी’ कार्यक्रम के तहत तीन दिवसीय आंगनवाड़ी प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण नौ दिनों में तीन-तीन दिन के तीन बैचों में संपन्न होगा। इसके लिए 100-100 कार्यकत्रियों का बैच बनाया गया है।
प्रशिक्षण की शुरुआत करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी सोनम सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। सीडीपीओ ने बताया कि ‘पोषण भी पढ़ाई भी’ भारत सरकार की एक पहल है, जो 0-6 वर्ष के बच्चों के लिए पोषण के साथ ही प्रारंभिक शिक्षा सुनिश्चित करती है। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान ‘नवचेतना’ (0-3 वर्ष) और ‘आधारशिला’ (3-6 वर्ष) पाठ्यक्रम के माध्यम से खेल-आधारित शिक्षा और कुपोषण प्रबंधन सिखाया जाता है। इसका उद्देश्य आंगनवाड़ी को एक शिक्षण केंद्र में बदलना है, जहाँ बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा प्राप्त हो सके। खण्ड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव, सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह, सीएम फेलो डॉ. बृजेश कुमार, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर श्रीमती मंजू सिंह, पार्वती देवी, अंजली सिंह, ममता मोर्य, शिखा कनौजिया, यूनिसेफ के बीएमसी अनुराग, प्रद्युम्न ने भी प्रशिक्षण के विषय में आवश्यक जानकारी दी। प्रशिक्षण में भाग लेने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए भोजन और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। उन्हें प्रोजेक्टर के माध्यम से विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षित किया गया।



