यूपी: सीएम योगी बोले- सपा-कांग्रेस ‘वंदे मातरम्’ का विरोध कर रहे, राष्ट्रीय गीत के साथ क्यों नहीं खड़े

यूपी: सीएम योगी बोले- सपा-कांग्रेस ‘वंदे मातरम्’ का विरोध कर रहे, राष्ट्रीय गीत के साथ क्यों नहीं खड़े
विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर गाजी मेले के समर्थन का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के तीर्थों का विकास कर रही है। उन्होंने यूपी की बढ़ती जीडीपी, किसानों को डीबीटी के जरिए भुगतान, ओडीओपी और एमएसएमई के विस्तार का उल्लेख किया और डबल इंजन सरकार को विकास का आधार बताया।
यूपी विधान परिषद में सीएम योगी ने राज्यपाल के अभिभाषण पर कहा, विपक्ष से किसी तरह की उम्मीद करना बेवकूफी है। पहले की सरकारों ने यूपी को अपराध का गढ़ बना दिया था। कर्फ्यू यहां की पहचान बन गई थी। वंदे मातरम् का 150वां साल चल रहा। मैं पूछता हूं, सपा-कांग्रेस आखिर इसका विरोध क्यों कर रहे? इस देश में रहोगे और यहां के राष्ट्रीय गीत पर खड़े नहीं होगे।
पहली की सरकारों का विकास परिवारवादी था। जेपीएनआईसी का उदाहरण देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। कहा कि 800 करोड़ खर्च हो गए वह फिर अधूरा है। हमने जेपी के जन्मभूमि पर अस्पताल बनवाया।1400 करोड़ खर्च हो गए, फिर भी गोमती रिवर फ्रंट का प्रोजक्ट अधूरा है, यह महज 300 करोड़ का प्रोजेक्ट था।
युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ
सीएम योगी ने कहा, सरकार ने अपने कार्यकाल में अराजकता फैलाई। इसीलिए युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ। किसान सुसाइड के लिए मजबूर हुआ। आज जल, थल, नभ तीनों यूपी के अंदर देखने को मिलता है। यूपी में पहली रैपिड रेल का उद्घाटन 22 फरवरी को होगा। आज यूपी में सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण है। मेरठ से दिल्ली सिर्फ 45 मिनट में तय होता है। आज 22 एक्सप्रेसवे वाला राज्य यूपी है। इनमें 7 क्रियाशील हो चुके हैं और 5 निर्माणाधीन हैं। 10 पर हम काम कर रहे हैं।
2017 से पहले राशन वितरण की खूब शिकायतें थीं
सीएम योगी ने कहा, 2017 से पहले राशन वितरण की खूब शिकायतें थीं। आज कोई शिकायत नहीं है, क्योंकि टेक्नालॉजी का उपयोग किया गया। 6 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे। किसी भी सेक्टर में यदि यूपी के युवा को मौका मिला, तो उसने अपनी अलग छाप छोड़ी। डाटा आज की सबसे बड़ी ताकत है। एआई देश का मर्चिंग सेक्टर है। इसके लिए बजट में व्यवस्था की गई है।
प्रदेश में बेरोजगारी की दर 2.24 फीसदी तक आ गई
सीएम योगी ने कहा, ‘सीएम युवा उद्यमी’ स्कीम से काम चल रहा है। हर साल एक लाख युवा उद्यमी बन सकें, इसके लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ईवी के पहली यूनिट लखनऊ में स्थापित हुई है। 20 हजार से अधिक स्टार्ट अप यूपी में चल रहे हैं। प्रदेश में बेरोजगारी की दर 2.24 फीसदी तक आ गई है। हर गांव में खेल का मैदान हो, इसके लिए भी प्रयासरत हैं। इलेक्ट्रिक व्हीकल के बाजार में यूपी की धमक है। खरीदे जा रहे वाहनों 19 फीसदी हिस्सा यूपी का है। तिपहिया वाहनों में 40 फीसदी से अधिक यूपी का हिस्सा है।



