
बेद प्रकाश पाण्डेय ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर।
आज दिनांक।13/02/026को
गाजीपुर में 18 फरवरी से बोर्ड परीक्षा: 1.37 लाख परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, 196 केंद्रों पर कड़ी निगरानी

गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा की उपस्थिति में माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु ऑडिटोरियम सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक संचालित होगी। जनपद में हाईस्कूल के लगभग 67 हजार तथा इंटरमीडिएट के लगभग 70 हजार, कुल मिलाकर लगभग 1.37 लाख परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।जनपद में कुल 196 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 29 अति संवेदनशील और 63 संवेदनशील केंद्र चिन्हित किए गए हैं। परीक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 12 जोन, 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 08 सचल दल तथा प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। केंद्र एवं बाह्य केंद्र व्यवस्थापक भी नियुक्त किए गए हैं।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों को पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित स्थान पर सीसीटीवी निगरानी में रखा जाए। परीक्षा केंद्रों पर डबल लॉक वाली स्टील/लोहे की अलमारी में प्रश्नपत्र रखे जाएंगे। स्ट्रांग रूम को परीक्षा प्रारंभ से एक घंटा पूर्व खोला जाएगा और परीक्षा समाप्ति के एक घंटा बाद पुनः सील किया जाएगा। प्रत्येक बार अलमारी खोलने के बाद दोनों लॉक हस्ताक्षरित पेपर से सील किए जाएंगे।प्रश्नपत्र खोलने से पूर्व पैकेट पर अंकित विषय, प्रश्नपत्र व संकेतांक का गोपनीय स्कीम से मिलान किया जाएगा। लिफाफा परीक्षा शुरू होने से अधिकतम 15 मिनट पूर्व दो बाह्य एवं एक आंतरिक शिक्षक की उपस्थिति में खोला जाएगा। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नकल की किसी भी संभावना पर पैनी नजर रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के 100-200 मीटर दायरे में अनाधिकृत व्यक्तियों की उपस्थिति प्रतिबंधित रहेगी। विद्यालय परिसर में एक से अधिक रास्ते होने पर उन्हें सील किया जाएगा। केंद्रों पर बिजली, जनरेटर, इंटरनेट, डीजल व सीसीटीवी की पूर्व जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पर तत्काल पुलिस बल एवं कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए। परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा हेतु पुलिस बल तैनात रहेगा।जिला विद्यालय निरीक्षक ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते या फर्जी रूप से परीक्षा देते पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध उ.प्र. सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम 1998 की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।बैठक के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से राजकीय सिटी इंटर कॉलेज गाजीपुर में बनाए गए मॉनिटरिंग सेल एवं कंट्रोल रूम का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया है।



