होली पर्व पर शांति व्यवस्था हेतु कोतवाली भुड़कुडा़ में डीजे संचालकों की अहम बैठक

होली पर्व पर शांति व्यवस्था हेतु कोतवाली भुड़कुडा़ में डीजे संचालकों की अहम बैठक

गाजीपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गाजीपुर जनपद के कोतवाली भुड़कुडा़ अंतर्गत आज कोतवाली प्रभारी श्याम जी यादव की अध्यक्षता में डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में कोतवाली प्रभारी श्याम जी यादव ने न्यायालय के आदेशों एवं शासन द्वारा जारी निर्देशों का हवाला देते हुए सभी डीजे संचालकों को कड़ाई से नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली जैसे पावन पर्व पर ऐसा कोई भी गीत या ध्वनि प्रसारित न की जाए जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो।श्याम जी यादव ने कहा,
“होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौभाग्य का प्रतीक है। इसे शांति और आनंद के साथ मनाएं। किसी भी आम जनमानस की भावना को ठेस न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखें।”उन्होंने निर्देश दिया कि रात्रि 10:00 बजे के बाद क्षेत्र में किसी भी प्रकार का डीजे संचालित नहीं होना चाहिए। यदि प्रशासन को इसकी सूचना प्राप्त होती है तो संबंधित डीजे संचालक के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी, यहां तक कि जेल भेजने की भी कार्रवाई संभव है।कोतवाली प्रभारी ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति होली के अवसर पर माहौल बिगाड़ने या अशांति फैलाने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। प्रशासन ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटेगा और किसी भी स्थिति में माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।बैठक में प्रमुख रूप से डीजे संचालकों में विजय कुमार, विशाल, कमलेश कुमार, मंटू, पंकज कुमार, उदयभान, दीपक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही कोतवाली स्टाफ की भी उपस्थिति रही।प्रशासन ने सभी से अपील की है कि होली का त्योहार आपसी सद्भाव, कानून व्यवस्था और सामाजिक समरसता को ध्यान में रखते हुए मनाएं, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बना रहे।



