
बेद प्रकाश पाण्डेय ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर।
आज दिनांक।03/02/026को
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर डीएम की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों संग बैठक

गाजीपुर।जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बैठक संपन्न हुई।बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस से संबंधित समस्त जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से फीडबैक प्राप्त कर इस कार्य में आ रही कठिनाइयों पर चर्चा की गई।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 06 जनवरी 2026 को निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया गया है तथा 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक दावा एवं आपत्तियाँ प्राप्त की जा रही हैं। दावा एवं आपत्तियों का निस्तारण नोटिस, सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया के तहत 06 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से कराया जाएगा। इसके उपरांत 06 मार्च 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।उन्होंने अवगत कराया कि आयोग द्वारा निर्धारित चार अर्हता तिथियों (01 जनवरी 2026 के अतिरिक्त 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर 2026) को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी अर्ह युवा मतदाता फार्म-6 अथवा ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करा सकते हैं।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे युवा मतदाता जो 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं और जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे घोषणा पत्र सहित फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची से नाम विलोपन हेतु फार्म-7 तथा किसी प्रविष्टि में संशोधन, फोटो पहचान पत्र प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन एवं निवास परिवर्तन के लिए फार्म-8 घोषणा पत्र सहित बीएलओ के पास जमा किया जा सकता है।उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे अपने नियुक्त बीएलए को अधिक से अधिक संख्या में फार्म-6, 7 एवं 8 भरवाने हेतु निर्देशित करें। साथ ही, अधिकाधिक युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए ECINET Mobile App एवं voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन हेतु नागरिकों को व्यापक रूप से जागरूक करने का आह्वान किया।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार, राजेश कुमार (सपा), रविकांत राय (कांग्रेस), सुभाष राम सिपाही (बसपा), दशा शंकर पाण्डेय (भाजपा) एवं जावेद अहमद (आप पार्टी) सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



