वाराणसी में गैस संकट के बीच पाइपलाइन कनेक्शन तेज, गेल गैस ने बढ़ाई सक्रियता

वाराणसी में गैस संकट के बीच पाइपलाइन कनेक्शन तेज, गेल गैस ने बढ़ाई सक्रियता
वाराणसी।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ा है, जिसका प्रभाव भारत में भी देखने को मिल रहा है। एक ओर भारत सरकार द्वारा पर्याप्त गैस भंडारण का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत में वाराणसी सहित कई शहरों में गैस की किल्लत से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोग मजबूरी में कोयले के चूल्हे का सहारा लेकर अपनी आजीविका चला रहे हैं।
इस संकट की घड़ी में गेल गैस कंपनी ने वाराणसी में अपने पाइपलाइन कनेक्शनों को तेजी से चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हाल ही में सारनाथ स्थित कुष्ठ आश्रम में गैस पाइपलाइन को सक्रिय किया गया। इसके अलावा काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण केंद्र तथा भेलूपुर क्षेत्र के अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट में भी पाइपलाइन कनेक्शन चालू कराए गए हैं।
गेल गैस के जनरल मैनेजर सुशील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक लगभग 150 कमर्शियल उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं, जिनमें होटल, रेस्टोरेंट और आश्रम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम और सारनाथ के कुष्ठ आश्रम में भी हाल ही में गैस सुविधा शुरू की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन उपभोक्ताओं के यहां पहले से पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध है, लेकिन अभी तक चालू नहीं हुआ है, वे कंपनी द्वारा जारी बारकोड के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा दो लैंडलाइन नंबर और आधिकारिक वेबसाइट के जरिए भी उपभोक्ता अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।
गेल गैस की इस पहल से वाराणसी में गैस संकट से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

