Breaking Newsभारतस्पोर्ट्स

वाराणसी : चार वर्षों बाद भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज की दमदार वापसी, रोवर्स-रेंजर्स समागम में लहराया परचम

चार वर्षों बाद भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज की दमदार वापसी, रोवर्स-रेंजर्स समागम में लहराया परचम

वाराणसी। राजकीय महिला महाविद्यालय में 24 एवं 25 मार्च को आयोजित द्विदिवसीय रोवर्स-रेंजर्स समागम में श्री महंथ रामाश्रय दास पीजी कॉलेज, भुड़कुड़ा ने चार वर्षों के अंतराल के बाद शानदार वापसी करते हुए अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।महाविद्यालय के रोवर्स एवं रेंजर्स ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अनुशासन, कौशल एवं टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।समागम के प्रथम दिवस पर मार्च पास्ट, वर्दी निरीक्षण, परेड, पोस्टर प्रतियोगिता, क्रीड़ा गतिविधियाँ, व्याख्यान, ध्वज शिष्टाचार एवं दल अभिलेख से संबंधित प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। सायंकालीन सत्र में कैंप फायर, फैशन शो, लोक नृत्य एवं लोकगीत प्रतियोगिताओं ने सांस्कृतिक समरसता का मनोहारी वातावरण प्रस्तुत किया।द्वितीय दिवस में टेंट एवं पुल निर्माण, रंगोली, वाद-विवाद तथा झांकी प्रस्तुति जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता एवं दक्षता का उत्कृष्ट परिचय दिया। भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज की टीम ने प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बृजेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा,
“रोवर्स-रेंजर्स केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। छात्रों का यह प्रदर्शन उनके समर्पण और अनुशासन को दर्शाता है।”रोवर्स प्रभारी डॉ. राजेश कुमार केशरी एवं रेंजर्स प्रभारी डॉ. संध्या गुप्ता के मार्गदर्शन में टीम ने समागम की 10 से अधिक प्रतियोगिताओं में द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा प्रभारियों के योगदान की भी विशेष सराहना की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button