लखनऊ विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारियों में अफसरों ने बहाया पसीना

लखनऊ विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारियों में अफसरों ने बहाया पसीना
लखनऊ। महज 15 सेकंड में 2100 पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने के इंतजाम पुख्ता करने की तैयारी मंगलवार को होती रही। इसके लिए वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी आयोजन स्थल डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के प्रांगण में पसीना बहाते रहे।प्रदेश सरकार के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत यह विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना है। इसके लिए क्षेत्रीय उप प्रभागीय वनाधिकारी चंदन चौधरी की अगुवाई में पौधे लगाने के स्थानों के चयन का काम पूरा किया गया। प्रांगण में देर शाम तक आम, सागौन, नीम, जामुन, शीशम आदि के पौधे पहुंचाए जाते रहे। चिह्नित स्थानों पर पानी से भरा हजारा, गड्ढा बनाने के लिए खुरपी व पौधा रख दिया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11:30 बजे होगा। डीएफओ शितांशु ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सुगामऊ में रोपे जाएंगे 4700 पौधेकुकरैल आरक्षित वन क्षेत्र के सुगामऊ में वन विभाग के कार्यक्रम में 2700 फल व इमारती लकड़ी के पौधे लगाए जाएंगे। 2000 मनोकामना के छोटे पौधे भी रोपे जाएंगे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे शुरू होगा। बीबीएयू प्रांगण में पौधों वाले क्षेत्र को वन विभाग ने एकता वन का नाम दिया है। सुगामऊ के क्षेत्र को त्रिवेणी वन का नाम दिया गया है। डीएफओ ने बताया कि 13 जुलाई को अटल विहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में 100 पौधे रोपित करने के साथ उस क्षेत्र को अटल वन घोषित किया जाएगा। सरोजनीनगर स्थित प्रमोद फैसिलिटी वन गांव में 10 हजार से अधिक पौधे अगस्त में लगाए जाएंगे। इसे सौर्य वन के नाम से जाना जाएगा।