लखनऊ नगर निगम जोन एक को बनाया जाएगा आदर्श जोन

लखनऊ नगर निगम जोन एक को बनाया जाएगा आदर्श जोन
लखनऊ। नगर निगम जोन एक में आने वाले वार्डों के कामकाज की सोमवार शाम महापौर सुषमा खर्कवाल ने समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जोन एक को आदर्श जोन के रूप में विकसित किया जाए। वार्ड स्तर पर नियमित रूप से सफाई हो और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार और जोन में आने वाले वार्डों के पार्षद प्रमुख रूप से मौजूद रहे।बैठक में महापौर ने गृहकर वसूली की समीक्षा की और उसे बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि टैक्स वसूली नगर निगम की रीढ़ है और इसके माध्यम से ही शहर के विकास कार्य सुचारू रूप से संचालित किए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टैक्स जमा करने में लापरवाही बरतने वाले संपत्ति स्वामियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। अभियंत्रण विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए महापौर ने कहा कि सड़क निर्माण, मरम्मत और मार्ग प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा किअतिक्रमण और अव्यावस्थित दुकानों के कारण यातायात बाधित होता है, इसलिए इस दिशा में ठोस कदम उठाया जाए। पेयजल और सीवर व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने कहा कि नालियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित हो और जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।