रामकोला CHC पर CDO का औचक छापा, खामियों पर सख्त नाराजगी, बाहर की दवा लिखने पर लगाई फटकार

रामकोला CHC पर CDO का औचक छापा, खामियों पर सख्त नाराजगी, बाहर की दवा लिखने पर लगाई फटकार
रामकोला, कुशीनगर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामकोला में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने सोमवार को औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।
CDO ने दवा स्टॉक रजिस्टर, ओपीडी, प्रसव कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती जच्चा-बच्चा को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली। पूछताछ के दौरान कई कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिस पर CDO ने नाराजगी जाहिर की।
निरीक्षण के दौरान कुछ मरीजों की पर्चियों में बाहरी दवाएं लिखी मिलीं। इस पर CDO ने डॉक्टरों से दवाओं के कॉम्बिनेशन को लेकर सवाल किए और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के बजाय बाहर की दवा लिखने पर कड़ी आपत्ति जताई।
उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी जरूरी दवाएं सुनिश्चित की जाएं और मरीजों को बाहर की दवा लिखने की प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही जच्चा-बच्चा को मिलने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
CDO ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



