योगमय हुआ दिल्ली-एनसीआर, सीएम से मंत्री और आम लोगों तक में दिखा जोश, मलाइका अरोड़ा भी पहुंचीं

योगमय हुआ दिल्ली-एनसीआर, सीएम से मंत्री और आम लोगों तक में दिखा जोश, मलाइका अरोड़ा भी पहुंचीं
आज पूरे देश में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में योग दिवस पर कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। दिल्ली सीएम, सांसद और मंत्री समेत आम लोगों ने भी योग किया।
राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में आज 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी योग किया। वहीं गाजियाबाद में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, फरीदाबाद में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भी योग किया और संदेश दिया। वहीं दूसरी तरफ अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा गुरुग्राम पहुंचीं।
सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को योग पर दिया संदेशदिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार में यमुना किनारे योग कार्यक्रम में शिरकत की। सीएम ने अपने एक्स हेंडल पर पोस्ट साझा कर लिखा कि आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी के 11 स्थलों पर आयोजित भव्य योग उत्सव में आपकी उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह सिद्ध किया कि जब सरकार और समाज एक साथ चलते हैं, तो संस्कृति जन-जन का संकल्प बन जाती है। उन्होंने आगे लिखा कि दिल्ली के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सेवाभावी संगठनों और समर्पित योग साधकों को विशेष धन्यवाद, जिनके सहयोग और भागीदारी से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक बना।पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक परंपराएँ आज वैश्विक गौरव प्राप्त कर रही हैं। योग को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठा दिलाने का श्रेय उन्हीं को जाता है। उनके मार्गदर्शन में दिल्ली में सरकार और समाज मिलकर योग, स्वच्छता और जीवन मूल्यों को एक जन-आंदोलन का स्वरूप दे रहे हैं।
दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर में भी लोगों ने योग किया। सेक्टर 38 स्थित देवी लाल स्टेडियम में योग दिवस पर कई लोग शामिल हुए।
नोएडा शहर में भी 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कई जगहों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नोएडा हाट में भी आज योग दिवस मनाया गया। यहां हजारों लोगों ने योग में हिस्सा
नोएडा सेक्टर 24 में भारतीय तटरक्षक बल के परिसर में योग समागम का आयोजन किया गया। जहां पर तटरक्षक बल के महानिदेशक योग कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ स्टाफ के लोगों ने भी योग किया।
फरीदाबाद में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कई जगह योग कार्यक्रम किए जा रहे हैं। फरीदाबाद सेक्टर 12 खेल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम किया गया। जहां केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर समेत आम लोगों ने भी योग किया।
गाजियाबाद के आईएमएस यूसी कैम्पस डासना में योग का कार्यक्रम किया गया। जहां यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हिस्सा लिया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि योग, भारत का विश्व को मानवता को प्रदान किया गया अमूल्य उपहार है। योग से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। पूरी दुनिया आज योग के महत्व को समझ चुकी है, इसे अपनाकर लोग स्वस्थ जीवन जी रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी दिल्ली के 11 स्थलों पर योग से जुड़े भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दिल्ली के लोधी गार्डन में आम लोगों ने भी योग दिवस पर योग किया।
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में आज योग से जुड़े कार्यक्रम हो रहे हैं। साइबर सिटी कहे जाने वाले गुरुग्राम में आज अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा भी पहुंचीं। जहां उन्होंने साइबर हब में लोगों के बीच योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ये भी पढ़ें: Yoga Day: योगमय हुआ गाजियाबाद शहर, 2000 स्थानों पर मना योग दिवस, अफसर से मंत्री तक सभी ने की योग साधना