Breaking Newsभारत

यूपी: मंत्री असीम अरुण के निजी सचिव ने महिला से की छेड़छाड़, मंत्री ने खुद पुलिस बुलवाकर कराया गिरफ्तार

यूपी: मंत्री असीम अरुण के निजी सचिव ने महिला से की छेड़छाड़, मंत्री ने खुद पुलिस बुलवाकर कराया गिरफ्तार

यूपी सरकार में मंत्री असीम अरुण से बृहस्पतिवार को एक महिला कर्मचारी ने उनके निजी सचिव पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। उसे पुलिस बुलवाकर गिरफ्तार करवा दिया गया।

यूपी सरकार में मंत्री असीम अरुण से बृहस्पतिवार को एक महिला कर्मचारी ने उनके निजी सचिव जय किशन सिंह पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। महिला ने रोते हुए आपबीती बताई। महिला की पीड़ा सुनने के बाद मंत्री ने गोमतीनगर पुलिस को बुलाकर आरोपी जय किशन सिंह को थाने भिजवा दिया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर छेड़छाड़ की एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन के एक सरकारी दफ्तर में महिला आउट सोर्सिंग पर काम करती है। बृहस्पतिवार को मंत्री अपने दफ्तर में मौजूद थे। इसी बीच महिला फरियाद लेकर पहुंची। महिला ने रोते हुए बताया कि निजी सचिव अक्सर उसे अपने कमरे में बुलाते हैं। इसके बाद आए दिन छेड़छाड़ करते हैं। विरोध पर नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं। मंत्री के पूछने पर महिला ने विस्तार से पूरी बात बताई।

28 जुलाई को घटी है घटना

आरोप है कि 28 जुलाई को महिला दफ्तर में अकेली थी। इस दौरान आरोपी ने उनके साथ अश्लील हरकत की। पीड़िता ने जब शिकायत करने की बात कही तो वह गलौज करने लगा। आरोपी अक्सर महिला के कपड़ों के बारे में भी टिप्पणी करता था और ऊंची पहुंच बताता था। परेशान होकर पीड़िता घर चली गई थी।

बृहस्पतिवार को मंत्री के दफ्तर पहुंचने की जानकारी होने पर महिला वहां पहुंची और शिकायत की। निजी सचिव की हरकतों की जानकारी पाकर मंत्री नाराज हो गए। उन्होंने पुलिस बुलाकर दफ्तर से ही आरोपी को सीधे थाने भिजवा दिया। आरोपी को साथ लेकर जाते हुए पुलिस का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। डीसीपी शशांक सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी जय किशन विक्रांत खंड का रहने वाला है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button