धर्मभारत

महाशिवरात्रि विशेष: जखनिया क्षेत्र में शिवभक्ति की गूंज, शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

महाशिवरात्रि विशेष: जखनिया क्षेत्र में शिवभक्ति की गूंज, शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब ।

गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के जखनिया क्षेत्र में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। देवाधिदेव महादेव के दर्शन-पूजन के लिए प्रातःकाल से ही क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।जखनिया क्षेत्र स्थित प्राचीन शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं बेलपत्र अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन करते नजर आए। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोग कतारबद्ध होकर दर्शन के लिए प्रतीक्षा करते रहे।क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ हथियाराम मठ में महाशिवरात्रि पर्व पर भव्य सजावट की गई थी। मठ परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं फूलों से सजाया गया, जिसे देखकर श्रद्धालुओं का मन मुग्ध हो उठा। यहां पूज्य गुरुदेव महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति जी के सान्निध्य में विशेष पूजन-अर्चन एवं धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए।महामंडलेश्वर जी द्वारा शिवभक्तों को महाशिवरात्रि का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए शिव साधना एवं संयमपूर्ण जीवन का संदेश दिया गया। मठ परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी रही।विभिन्न गांवों में निकली शिव-पार्वती की झांकी,जखनिया क्षेत्र के जखनियां गोविंद बड़ा महादेव, भुड़कुंडा़, पदुमपुर, रामसिंहपुर, रामपुर बलभद्र, अगापुर, सानी चलनी,बुढानपुर सहित अन्य गांवों में भी विशेष पूजन-अर्चन किया गया। जगह-जगह शिव-पार्वती की आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिसमें स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच निकली झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।क्षेत्र के विभिन्न मंदिर समितियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से विशेष प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। मंदिर प्रांगणों में भक्तों को फलाहार एवं प्रसाद वितरित किया गया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं पारंपरिक वातावरण बना रहा।महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर जखनिया क्षेत्र शिवमय हो उठा। भक्तों ने देवाधिदेव महादेव के चरणों में शीश नवाकर परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button