
बेद प्रकाश पाण्डेय ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर।
आज दिनांक।14/02/026को
महाशिवरात्रि पर महाहर धाम सहित जनपद के सभी शिव मंदिरों में कड़ी तैयारी, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

गाजीपुर— हिन्दुओं का पवित्र त्यौहार महाशिवरात्रि से वर्ष 2026 के पर्वों का शुभारम्भ हो रहा है। 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के अवसर पर जनपद के समस्त शिव मंदिरों में भारी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचेंगे। श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि और शांति की कामना करेंगे। पर्व के दौरान मंदिरों में काफी भीड़-भाड़ रहने की संभावना है।पर्व को शान्तिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने महाहर धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि महिलाओं की अधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए दर्शन की समुचित व्यवस्था पूर्व से सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।उन्होंने महाहर धाम में महाशिवरात्रि पर्व की निगरानी हेतु सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने, वाहन पार्किंग स्थल चिन्हित करने तथा पार्किंग एवं आवागमन मार्गों पर लटकते विद्युत तारों की पूर्व जांच कराने के निर्देश दिए। मंदिर की साफ-सफाई, जल निकासी, फिसलन से बचाव तथा शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मंदिर प्रबंधन से समन्वय स्थापित करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर के आसपास कोई भी छुट्टा पशु न रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी को महाशिवरात्रि के दिन मेडिकल टीम, कंट्रोल रूम एवं पीए सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर में प्रवेश के लिए महिला एवं पुरुषों की अलग-अलग कतारें लगाई जाएं तथा मंदिर परिसर में खोया-पाया केंद्र स्थापित किया जाए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद लोकेश, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



