
बेद प्रकाश पाण्डेय ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर।
आज दिनांक।05/02/026को
मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, बीएलओ सूची न होने पर सपा ने निर्वाचन विभाग को घेरा
जखनियां विधानसभा में फॉर्म-07 के दुरुपयोग का आरोप, आंदोलन की दी चेतावनी
जखनियां (गाजीपुर)।जखनियां विधानसभा क्षेत्र–373 में मतदाता सूची की पारदर्शिता को लेकर समाजवादी पार्टी ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सपा के विधानसभा अध्यक्ष अवधेश कुमार यादव ‘राजू’ (निवासी ग्राम व पोस्ट अलीपुर मदंरा, जखनियां) ने उप अभिलेख अधिकारी (बी.एल.ओ. प्रभारी) को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन प्रक्रिया पर आपत्ति दर्ज कराई है।ज्ञापन में सपा नेता ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में पहले 462 मतदान बूथ थे, जिन्हें बढ़ाकर अब 536 कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद वर्ष 2025 की अद्यतन मतदाता सूची में कई बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) के नाम व मोबाइल नंबर दर्ज नहीं किए गए हैं। उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए मतदाता सूची की निष्पक्षता पर सवाल उठाया।अवधेश यादव ने विशेष रूप से बूथ संख्या 34, 67, 102, 136, 169, 200, 234, 269, 270, 299, 332, 366, 367, 398, 399, 434, 465, 498 एवं 531 सहित कई बूथों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन स्थानों पर बी.एल.ओ. की नियुक्ति व विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे आम मतदाताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।इसके साथ ही सपा नेता ने फॉर्म-07 के कथित दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बूथ संख्या 25, 27, 28, 32, 33, 35, 198, 199, 357 एवं 358 पर भारतीय जनता पार्टी से जुड़े बी.एल.ए. द्वारा असंवैधानिक तरीके से मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है।अवधेश यादव ने निर्वाचन विभाग से मांग की कि किसी भी मतदाता का नाम बिना विधिक प्रक्रिया के न हटाया जाए तथा सभी बूथों पर बी.एल.ओ. के नाम और मोबाइल नंबर की सूची तत्काल सार्वजनिक की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।



