बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से, इन 70 कंप्यूटरों से प्रदेश के सभी केंद्रों की होगी ऑनलाइन निगरानी

बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से, इन 70 कंप्यूटरों से प्रदेश के सभी केंद्रों की होगी ऑनलाइन निगरानी
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। पूरे प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों पर निगाह रखने के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है।
प्रदेश में 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा को लेकर इस बार राज्य स्तर से निगरानी और बढ़ाई जाएगी। इसके लिए पिछले वर्षों की अपेक्षा इस साल राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम की क्षमता को बढ़ाया गया है। अब एक जिले के केंद्रों पर एक व्यक्ति सीधी नजर रखेगा। वहीं सोशल मीडिया अकाउंट के साथ-साथ फोन नंबर भी किसी भी तरह की सूचना व जानकारी देने के लिए सक्रिय किए जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके तहत आवश्यक बैठकें व तैनातियां की जा चुकी हैं। साथ ही जिलों में कॉपियां भी पहुंचा दी गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। मंडल व जिला स्तरीय पर्यवेक्षण अधिकारी व कंट्रोल रूम भी सोमवार 16 फरवरी से पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगे।
इस बार भी जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के साथ-साथ राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में तैयार किया जा रहा है। यह कंट्रोल रूम सोमवार 16 फरवरी से सक्रिय हो जाएगा। अभी तक राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम में 53 कंप्यूटर से पूरे प्रदेश के जिलों के परीक्षा केंद्र की निगरानी की जाती थी। जबकि इस बार 70 कंप्यूटर लगे हैं। ऐसे में जिन जिलों की निगरानी संयुक्त रूप से होती थी, अब उनके लिए भी सेप्रेट व्यवस्था हो जाएगी।
इन सभी कंप्यूटर पर एक-एक कर्मचारी व शिक्षक की तैनाती की जाएगी। जो पूरी परीक्षा के दौरान उस जिले के परीक्षा केंद्रों पर कड़ी नजर रखेंगे। परीक्षा केंद्र में किसी तरह की अवांछित गतिविधियों पर वह सीधे संबंधित केंद्र से फोन पर बात कर जानकारी लेंगे। साथ ही इसकी सूचना उच्च अधिकारी को भी देंगे। इससे परीक्षा के दौरान किसी तरह की अवांछित गतिविधि नहीं की जा सकेगी।
जिला कंट्रोल रूम सुनिश्चित करेंगे कैमरे चलते रहेराज्य स्तरीय कंट्रोल रूम के साथ ही जिला स्तर पर भी हर जिले में कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं। यहां से भी उस जिले के परीक्षा केंद्रों की निगरानी कराई जाएगी। इतना ही नहीं जिला कंट्रोल रूम यह भी सुनिश्चित करेगा कि सभी परीक्षा केंद्रों के कैमरे चलते रहें। इन कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्र के साथ-साथ स्ट्रांग रूम की भी 24 घंटे सतत निगरानी की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा में समय सीमा का रखें ध्यान, लिखकर करें अभ्यास
सिटी स्टेशन रोड स्थित संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में सोमवार को विज्ञान चेतना हेल्पनाइन नंबर के जरिये यूपी बोर्ड कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं को सुझाव दिए गए। विशेषज्ञों ने कहा कि बोर्ड परीक्षा के दौरान किसी भी तरह का तनाव न लें। समय सीमा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी प्रश्न को हल करने से पहले ध्यानपूवर्क जरूर पढ़े।संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि परीक्षा जीवन की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, अतः विद्यार्थी तनावमुक्त रहकर सकारात्मक दृष्टिकोण, संतुलित दिनचर्या और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर पर राजधानी सहित अन्य जिलों से कुल 130 कॉल प्राप्त हुए। हेल्पलाइन नंबर के जरिये भौतिक विज्ञान विशेषज्ञ सौरभ प्रताप सिंह, जीव विज्ञान विशेषज्ञ दीप्ति विश्वकर्मा, अंग्रेजी विषय विशेषज्ञ वंदना तिवारी और गणित विशेषज्ञ पवन कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
मिले ये टिप्स
रसायन विज्ञान के टिप्सबुनियादी अवधारणाओं, परिभाषाओं, सूत्रों व अभिक्रियाओं को लिखकर अभ्यास करें। कार्बनिक यौगिक को बनाने की विधियों और उनकी रासायनिक समीकरणों को चार्ट पर लिख कर तुलनात्मक अध्ययन करें।भौतिक विज्ञान टिप्सकिरण आरेख व परिपथ आरेख का अभ्यास करें। सूत्र के निगमन को लिखकर अभ्यास करें। आंकिक प्रश्नों को चरण बद्ध तरीके से हल करें और अंत में मात्रक जरूर लिखें। पांच वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल करें।जीव विज्ञान टिप्सपरीक्षा में लिखते समय अंको के आधार पर समय व शब्द सीमा को तय करें जिससे कोई प्रश्न ना छूटे। शेड्यूल बनाकर तैयारी करें सभी पाठ को बचे हुए समय के आधार पर बांट कर याद करे।अंग्रेजी टिप्समहत्वपूर्ण बिंदुओं को हाइलाइट करें। बड़े प्रश्नों के उत्तर पैराग्राफ में लिखें। समय सीमा निर्धारित करें। उन प्रश्नों को पहले हल करें, जिसका उत्तर आपको भली भांति आता हो। सोशल मीडिया से दूर रहें।गणित टिप्ससभी उत्तरों पर विचार करने के लिए कुछ समय ले। अभ्यास के लिए कम से कम 15 से 20 मिनट का समय जरूर रखें। कैल्कुलस से सबसे अधिक अंक के प्रश्न पूछे जाते है इसलिए इस पर अधिक फोकस करें।



