बस्ती : आरपी साइंस एकेडमी में जिला स्तरीय खो – खो प्रतियोगिता का भव्य समापन

आरपी साइंस एकेडमी में जिला स्तरीय खो – खो प्रतियोगिता का भव्य समापन
इण्डिया नाऊ 24
जिला संवाददाता बस्ती
नवीन कुमार
बस्ती। भुवनपुर स्थित आरपी साइंस एकेडमी में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खो – खो प्रतियोगिता का रविवार को उत्साह पूर्ण माहौल में समापन हो गया। प्रतियोगिता में जनपद की 45 टीमों ने भाग लेकर अपने उत्कृष्ट खेल कौशल और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ वी. के. वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि प्रभाकर रंजन ओझा और नगर पंचायत नगर बाजार की अध्यक्ष राना नीलम सिंह ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है , बल्कि अनुशासन , टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करता है। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिका खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया , जिससे कार्यक्रम का गौरव और बढ़ गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डॉ सुधीर कुमार पाण्डेय , प्रधानाचार्य अविनाश प्रजापति सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार की सराहना की गई।



