Breaking Newsभारतराजनीति

पूर्वांचल को मिलेगी उड़ान: सांसद रवि किशन शुक्ला ने गोरखपुर से नई फ्लाइट्स की उठाई मांग

पूर्वांचल को मिलेगी उड़ान: सांसद रवि किशन शुक्ला ने गोरखपुर से नई फ्लाइट्स की उठाई मांग

लोकसभा में सांसद रवि किशन शुक्ला का बड़ा अनुरोध: गोरखपुर से दिल्ली –अमृतसर और देहरादून के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने की मांग

नई दिल्ली : लोकसभा में गोरखपुर के सांसद एवं अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने नियम 377 के तहत एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए गोरखपुर की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार को दिए अपने लिखित नोटिस में कहा कि गोरखपुर धार्मिक, पर्यटन और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है और नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट होने के कारण यह एक प्रमुख ट्रांजिट केंद्र के रूप में भी कार्य करता है।

सांसद ने मांग की है कि गोरखपुर से दिल्ली होते हुए अमृतसर तक विमान सेवा तथा गोरखपुर से देहरादून के लिए सीधी उड़ान शुरू की जाए, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गोरखपुर हवाई अड्डे पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और यह पूर्वांचल के कई जिलों के लिए प्रमुख एयर कनेक्टिविटी केंद्र बन चुका है।

रवि किशन ने अपने नोटिस में यह भी उल्लेख किया कि इन नई उड़ानों के शुरू होने से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों और छात्रों को काफी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से वैष्णोदेवी, गोल्डन टेंपल, हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ बद्रीनाथ और मसूरी जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच पहले से अधिक आसान हो जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नेपाल से आने वाले यात्रियों को भी इन सेवाओं से सीधा लाभ मिलेगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गोरखपुर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। सांसद ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इन प्रस्तावित विमान सेवाओं को शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि गोरखपुर और पूरे पूर्वांचल क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button