दुल्लहपुर गाजीपुर : रास्ते पर जलभराव से त्रस्त महिलाओं ने विधायक को घेरा, मौके पर ही एसडीएम को फोन कर दिए निर्देश

रास्ते पर जलभराव से त्रस्त महिलाओं ने विधायक को घेरा, मौके पर ही एसडीएम को फोन कर दिए निर्देश
उपजिलाधिकारी ने आश्वासन दिया की जल्द समस्या का समाधान होगा
दुल्लहपुर गाजीपुर। भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम से बाहर निकलते समय क्षेत्रीय विधायक बेदी राम को उस वक्त ग्रामीण महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा, जब भूड़कुड़ा गांव की महिलाओं ने वर्षों से चली आ रही नाबदान व जलभराव की समस्या को लेकर उन्हें घेर लिया। महिलाओं ने साफ शब्दों में कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्या से स्थायी निजात चाहिए।
अचानक हुए इस विरोध से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिलाओं ने बताया कि करीब दस वर्षों से रास्ते पर नाबदान का पानी जमा रहता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो चुका है। मजबूरी में ग्रामीणों को दूसरे रास्तों से किसी तरह पैदल आवागमन करना पड़ता है।
अपने को चारों ओर से घिरा देख विधायक बेदी राम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल उपजिलाधिकारी अतुल कुमार को फोन मिलाया और स्पीकर पर ही स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की बात कही। इस पर उपजिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि वे स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्या का निस्तारण कराएंगे।
इसके बावजूद महिलाओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे लगातार समस्या के स्थायी समाधान की मांग पर अड़ी रहीं। ग्रामीण महिलाओं में प्रियंका देवी, बतासी, कालिंदरी, रीता, विजयावती, शुशीला, घनपतिया, पतिराजी देवी, सुमरी, माया पाल, लक्ष्मी, उषा, सुखिया सहित कई अन्य ने बताया कि वर्षों से इस समस्या के चलते उनका जीवन प्रभावित है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।



