दुल्लहपुर (गाजीपुर) : अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने से भड़का जनाक्रोश, गांव में धरना

अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने से भड़का जनाक्रोश, गांव में धरना
नई प्रतिमा स्थापना, बाउंड्री वॉल व सीसीटीवी लगाने की मांग; हंगामे के बीच पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के डिल्ला गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद शुक्रवार सुबह पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए।ग्राम प्रधान लालमुनी राम ने बताया कि अज्ञात लोगों ने हथौड़े से वार कर प्रतिमा का सिर धड़ से अलग कर दिया तथा हाथों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा का सिर करीब 10 मीटर दूर गेहूं के खेत में पड़ा मिला, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न संगठनों और दलों के लोग मौके पर पहुंच गए। आजाद समाज पार्टी के नेता मनोज गौतम, ई. विशाल कुमार, मानव राजभर, डॉ. भीमराव अंबेडकर युवा समिति के अध्यक्ष चंद्रमुकेश भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सुबह 7 बजे से धरने पर बैठ गए। इसके साथ ही बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और अन्य सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।इस दौरान माहौल तब और गर्म हो गया जब एक यूट्यूबर के बाइट लेने को लेकर थानाध्यक्ष और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पुलिस की सख्ती के बाद लोगों में और आक्रोश फैल गया। कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई, हालांकि बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।सूचना पर थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि तत्काल नई प्रतिमा स्थापित की जाए, स्थल की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए तथा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
करीब 9 बजे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदेश सचिव विनय सागर, जिला अध्यक्ष आशुतोष बंधन व अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद नारेबाजी तेज हो गई। इसके बाद उपजिलाधिकारी अतुल कुमार, क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा तथा भुड़कुड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।करीब दोपहर 1 बजे प्रशासन द्वारा नई प्रतिमा स्थापित कराने, बाउंड्री वॉल निर्माण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने के आश्वासन के बाद ग्राम प्रधान लालमुनी राम ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।आजाद समाज पार्टी के प्रदेश संगठन सचिव विनय सागर ने कहा कि “बाबा साहब की प्रतिमाओं से लगातार छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं, जो समाज के सम्मान पर आघात है। यदि प्रशासन इस पर गंभीरता नहीं दिखाता है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।”थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि उपजिलाधिकारी के समझाने के बाद धरना समाप्त हो गया है। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।घटना के बाद गांव मेंएहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



