दुल्लहपुर (गाज़ीपुर) : रसोई गैस की किल्लत पर दुल्लहपुर बाजार में कांग्रेस-सपा युवाओं का प्रदर्शन, हाथों में तख्तियां लेकर की नारेबाजी

रसोई गैस की किल्लत पर दुल्लहपुर बाजार में कांग्रेस-सपा युवाओं का प्रदर्शन, हाथों में तख्तियां लेकर की नारेबाजी
दुल्लहपुर (गाज़ीपुर)। दुल्लहपुर बाजार में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस व समाजवादी पार्टी से जुड़े युवाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवा नेताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान बाजार में कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया और स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुट गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस एवं जिला पंचायत प्रत्याशी जावेद आलम जिम्मी ने कहा कि आज गांव-गांव में रसोई गैस की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की महिलाएं सुबह से ही गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर लंबी कतारों में खड़ी रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाता। इससे घरों में चूल्हा जलाना तक मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर हर घर तक गैस पहुंचाने की योजनाओं और विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में लोग गैस सिलेंडर के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब हर घर तक गैस पहुंचाने की योजना लागू है, तो आखिर दुल्लहपुर और आसपास के गांवों के लोगों को गैस के लिए इतनी परेशानी क्यों उठानी पड़ रही है।
जावेद आलम जिम्मी ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, डीलरों की मनमानी पर रोक लगाई जाए तथा गरीब परिवारों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का दायित्व है और जब तक इस समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने “जनता को गैस दो”, “गरीब का चूल्हा जलाओ” जैसे नारे लगाकर अपनी आवाज बुलंद की। इस मौके पर पंकज यादव, उज्जवल कुमार, सुनील राजभर, अंकित गुप्ता, संतोष यादव, राममिलन चौहान, आरिफ अहमद, गोलू अहमद, शिवानंद यादव समेत कई युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के बाद युवाओं ने प्रशासन से मांग की कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कर आम जनता को राहत दी जाए, ताकि ग्रामीण परिवारों को रसोई गैस के लिए भटकना न पड़े।



