दादर–गोरखपुर एक्सप्रेस को नियमित संचालन की मंजूरी, सांसद रवि किशन शुक्ला के प्रयास रंग लाई

दादर–गोरखपुर एक्सप्रेस को नियमित संचालन की मंजूरी, सांसद रवि किशन शुक्ला के प्रयास रंग लाई
स्पेशल ट्रेन अब 11047/11048 नंबर से चलेगी; लाखों यात्रियों को बड़ी राहत
पूर्वांचल के यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में दादर–गोरखपुर रेल सेवा को नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित करने की मंजूरी मिल गई है। इस संबंध में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री Ashwini Vaishnaw द्वारा गोरखपुर के सांसद Ravi Kishan को भेजे गए आधिकारिक पत्र में इसकी पुष्टि की गई है।
पत्र में उल्लेख है कि जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल गाड़ी संख्या 01027/01028 के नियमित संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अब यह ट्रेन गाड़ी संख्या 11047/11048 *दादर–गोरखपुर एक्सप्रेस* के रूप में संचालित होगी। यह निर्णय लंबे समय से उठ रही जन मांग और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लिया गया है।
सांसद रवि किशन ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माननीय प्रधानमंत्री Narendra Modi एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि “यह केवल एक ट्रेन की स्वीकृति नहीं, बल्कि पूर्वांचल की जनता के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
उन्होंने बताया कि दादर–गोरखपुर रूट पर बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक, व्यापारी, छात्र एवं अन्य यात्री नियमित रूप से यात्रा करते हैं। स्पेशल ट्रेन होने के कारण यात्रियों को अनिश्चितता और सीमित उपलब्धता का सामना करना पड़ता था। अब इसे नियमित एक्सप्रेस का दर्जा मिलने से यात्रा अधिक सुगम, सुविधाजनक और सुनिश्चित हो सकेगी।
सांसद ने आगे कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को कई बार रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाया था और लगातार प्रयासरत रहे। अंततः उनके प्रयासों और केंद्र सरकार की सकारात्मक पहल के चलते यह निर्णय संभव हो सका।
रेल मंत्री द्वारा भेजे गए पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय जनहित में लिया गया है और इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों में इस फैसले को लेकर खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि इससे मुंबई और पूर्वांचल के बीच यात्रा करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी और समय व संसाधनों की बचत भी होगी।
सांसद रवि किशन ने अंत में कहा कि वे क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर लगातार प्रयास करते रहेंगे और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बॉक्स न्यूज (मुख्य बिंदु):
▪ स्पेशल ट्रेन 01027/01028 अब नियमित बनी
▪ नया नंबर 11047/11048 दादर–गोरखपुर एक्सप्रेस
▪ रेल मंत्री के पत्र से आधिकारिक पुष्टि
▪ लाखों यात्रियों को सीधा लाभ
▪ सांसद रवि किशन के निरंतर प्रयासों का परिणाम



