तेज रफ्तार से अनियंत्रित हुई स्कूल बस गड्ढे में उतरी, बाल-बाल बचे बच्चे; अभिभावकों में आक्रोश…

तेज रफ्तार से अनियंत्रित हुई स्कूल बस गड्ढे में उतरी, बाल-बाल बचे बच्चे; अभिभावकों में आक्रोश…
गोरखपुर: गगहा थाना क्षेत्र में सोमवार को बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूल बस हादसे का शिकार होते-होते बच गई। भैसहा और नेवादा के बीच तेज रफ्तार के कारण चालक का बस पर से नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे बने गड्ढे में उतर गई।
बस के गड्ढे में उतरते ही उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, अन्यथा बच्चों से भरी बस में बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और अभिभावक मौके पर पहुंच गए और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जाता है कि स्कूल की छुट्टी के बाद बस बच्चों को घर छोड़ने निकली थी। निर्धारित समय से करीब 40 मिनट तक बस नहीं पहुंचने पर अभिभावक चिंतित हो उठे और बच्चों के बारे में जानकारी लेने लगे। इसी दौरान पता चला कि बस सड़क से नीचे खेत की तरफ बने गड्ढे में उतर गई है।
घटना की सूचना मिलते ही अभिभावकों में नाराजगी फैल गई। अभिभावकों का आरोप है कि वे हर महीने बच्चों की फीस देते हैं, इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहा है और अप्रशिक्षित चालकों से बस चलवाई जा रही है।
अभिभावकों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि बच्चों के साथ कोई बड़ा हादसा हो जाता तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बसों की सुरक्षा व्यवस्था और चालक की योग्यता सुनिश्चित करने की मांग की है।



