जखनिया (गाजीपुर) : रास्ते पर दीवार खड़ी कर किया अवरोध, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

रास्ते पर दीवार खड़ी कर किया अवरोध, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

जखनिया (गाजीपुर)। शादियाबाद थाना क्षेत्र के चकजैन गांव में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहां घरौनी के पुराने रास्ते को विपक्षियों द्वारा दीवार खड़ी कर और टिन शेड लगाकर पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया गया है। इस घटना से पीड़ित परिवार को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता मुराली ने बताया कि गांव के खलिहान की सुरक्षित जमीन पर पहले से ही विपक्षी पक्ष का कब्जा है। वर्षों से उनका परिवार बगल के रास्ते से अपने घर आवागमन करता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी विपक्षियों ने रास्ते पर कब्जा करने की कोशिश की थी, लेकिन प्रशासनिक हस्तक्षेप के चलते वे सफल नहीं हो सके थे।
पीड़ित का कहना है कि हाल ही में जब घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था, तभी विपक्षियों ने मौके का फायदा उठाते हुए रास्ते पर पक्की सीमेंटेड दीवार खड़ी कर दी और टिन शेड रखकर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि ऐसे मामलों में पहले पुलिस को सूचना देना आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आने के बाद धारा 133 के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राजस्व निरीक्षक को मौके पर भेजकर स्थिति का मुआयना कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।



